नारायणगढ़ (सुशील कुमार) : हरियाणा के मुख्यमंत्री माननीय श्री नायब सिंह सैनी के 25 जनवरी को जन्मदिन के अवसर पर सैनी धर्मशाला, नारायणगढ़ में एक रक्तदान शिविर एवं हेल्थ चेकअप कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर जानकारी देते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष संदीप सैनी अम्बली ने बताया कि यह आयोजन समाजसेवा और जनकल्याण की भावना के तहत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 25 जनवरी को प्रात: 9.00 बजे सैनी धर्मशाला में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के जन्मदिन पर हवन यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 3:00 बजे तक रक्तदान शिविर एवं हेल्थ चेकअप कैम्प लगाया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता, युवा वर्ग एवं सामाजिक संगठन बढ़-चढक़र हिस्सा लेंगे।
संदीप सैनी अम्बली ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे अनेक जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का जीवन जनसेवा, ईमानदारी और विकास को समर्पित रहा है, उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए उनके जन्मदिन पर यह रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करें और इस पुनीत कार्य में अपना योगदान देकर मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाएं।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदीप सैनी अम्बली जानकारी देते हुए।