चंडीगढ़ ; फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के प्रतिनिधिमंडल और केंद्र सरकार के बीच शनिवार को चंडीगढ़ में छठे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। सूत्रों के मुताबिक अढ़ाई घंटे चली मीटिंग में कोई हल नहीं निकला। अब अगली मीटिंग 19 मार्च को होगी। मीटिंग में पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रह्लाद जोशी और पीयूष गोयल ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल से अनशन खत्म करने की अपील की।
डल्लेवाल ने उनसे कहा कि जब तक सभी फसलों पर एमएसपी की गारंटी नहीं मिलती अनशन खत्म नहीं होगा। सूत्रों के मुताबिक मीटिंग में किसानों ने केंद्र के सामने मांग रखी है कि बाहर से दालें न मंगाई जाएं। उन्हें ही एमएसपी दी जाए। सूत्रों के मुताबिक, केंद्र 2 से 3 फसलों पर और एमएसपी देने को तैयार है। हालांकि किसान सभी 23 फसलों पर एमएसपी गारंटी की मांग कर रहे हैं।