भारत को अपनी सैन्य क्षमताएँ मजबूत करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। स्पेन स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि शनिवार को भारत को एयरबस सी-295 सैन्य परिवहन विमानों में से अंतिम विमान मिल गया है।सेविले में एयरबस डिफेंस एंड स्पेस असेंबली लाइन पर भारतीय राजदूत दिनेश के पटनायक ने भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यह विमान प्राप्त किया। खास बात यह है कि यह आपूर्ति तय समय से दो महीने पहले कर दी गई, जो भारत की रक्षा ताकत को और मज़बूती देगी।
सी-295 विमान 5 से 10 टन तक का भार ढो सकता है और यह भारतीय वायुसेना के पुराने एवरो विमानों की जगह लेगा। इसकी उड़ान क्षमता करीब 11 घंटे की है, जिससे यह सामरिक दृष्टि से बेहद कारगर है। सितंबर 2021 में भारत ने एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के साथ 56 सी-295 विमानों के लिए समझौता किया था। इनमें से 16 विमान स्पेन से सीधे मिलेंगे और बाकी 40 विमान भारत में बनाए जाएंगे।