प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि फास्ट पेट्रोल वेसल लेस्पवार (Fast Patrol Vessel Lespwar) सेशेल्स कोस्ट गार्ड को सौंपना दोनों देशों के बीच रक्षा और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में बढ़ती साझेदारी का एक और अहम कदम है।
पीएम मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मैंने राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ सेशेल्स कोस्ट गार्ड बेस पर फास्ट पेट्रोल वेसल लेस्पवार, एम्बुलेंस और एसडीएफ (सेशेल्स डिफेंस फोर्स) के लिए यूटिलिटी वाहनों के हस्तांतरण समारोह में हिस्सा लिया।” उन्होंने कहा, “फास्ट पेट्रोल वेसल लेस्पवार को सेशेल्स कोस्ट गार्ड को सौंपना भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह उन कई पहलों में से एक है, जिनके जरिए भारत लगातार सेशेल्स की सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने में उसका साथ दे रहा है।”
आपको बता दें, भारत में बने इस फास्ट पेट्रोल वेसल के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स को छह एम्बुलेंस, दस यूटिलिटी वाहन, और पांच लेजर रेडियल नावें भी सौंपीं। इनका मकसद सेशेल्स की समुद्री निगरानी और उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) की सुरक्षा को और मजबूत करना है। पीएम मोदी ने कहा, “भारत को इस बात पर गर्व है कि वह सेशेल्स का एक भरोसेमंद साथी बनकर हर कदम पर उसके साथ खड़ा है। हम दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत करने और समुद्री क्षमताओं को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने और दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के लिए वहां पहुंचे। सेशेल्स का राष्ट्रीय दिवस (National Day) हर साल 29 जून को मनाया जाता है। 1976 में इसी दिन सेशेल्स को स्वतंत्रता मिली थी, और इस वर्ष (2026 में) देश अपनी स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती (50वीं वर्षगांठ) मना रहा है।
पीएम मोदी की सेशेल्स की दूसरी सरकारी यात्रा है। इससे पहले इसी साल राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी भारत की सरकारी यात्रा पर आए थे।
पीएम मोदी के दौरे से पहले सेशेल्स के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा, “भारत, सेशेल्स का सबसे करीबी और भरोसेमंद विकास साझेदारों में से एक है। भारत ने बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और कई सामुदायिक विकास परियोजनाओं में लगातार सहयोग दिया है। साथ ही दोनों देश हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।”
राष्ट्रपति कार्यालय ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती और मजबूत साझेदारी का प्रतीक है। दोनों देशों के बीच 1976 में सेशेल्स की आजादी के बाद से राजनयिक संबंध बने हुए हैं।