सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट), जो कि दूरसंचार विभाग के तहत एक स्वायत्त दूरसंचार अनुसंधान एवं विकास संस्थान है, ने 12 मार्च 2026 को नई दिल्ली के एनबीसीसी (NBCC) कन्वेंशन हॉल में ‘समर्थ’ इनक्यूबेशन प्रोग्राम के Cohort-II का डेमो डे सफलतापूर्वक आयोजित किया।
मार्च 2025 में शुरू किया गया ‘समर्थ’ कार्यक्रम दूरसंचार और आईसीटी क्षेत्र के स्टार्टअप्स के लिए एक अत्याधुनिक इनक्यूबेशन पहल है। इसे दो छह-छह महीने के कोहोर्ट में संरचित किया गया है, जिसमें प्रत्येक कोहोर्ट में 18 स्टार्टअप्स को शामिल किया गया। इस प्रकार इस पहल के तहत कुल 36 स्टार्टअप्स को समर्थन देने का लक्ष्य रखा गया है।
इस कार्यक्रम के तहत स्टार्टअप्स को टेलीकॉम एप्लिकेशन, साइबर सुरक्षा, 5G/6G तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, IoT और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के कार्यान्वयन के लिए Software Technology Parks of India (STPI) और TiE को साझेदार बनाया गया।
स्टार्टअप्स को मिला व्यापक सहयोग
चयनित स्टार्टअप्स को प्रति स्टार्टअप 5 लाख रुपये का वित्तीय अनुदान, पूरी तरह सुसज्जित कार्यालय स्थान और दिल्ली व बेंगलुरु स्थित सी-डॉट परिसरों में अत्याधुनिक लैब सुविधाओं तक पहुंच प्रदान की गई। इसके अलावा सी-डॉट वैज्ञानिकों द्वारा विशेषज्ञ मार्गदर्शन तथा उद्योग विशेषज्ञों के साथ प्रोडक्ट डेवलपमेंट, न्यूनतम व्यवहार्य उत्पाद (MVP), वित्तीय प्रबंधन, गो-टू-मार्केट रणनीति, कानूनी एवं आईपी पहलुओं और फंड-रेजिंग जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए।
Cohort-I की उपलब्धियां
सितंबर 2025 में आयोजित डेमो डे में Cohort-I के 18 स्टार्टअप्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके आधार पर टर्टलनेक सिस्टम्स एंड सॉल्यूशंस, पूर्वांचल इंजीनियरिंग सिस्टम्स, वाइटल कार्बन, एग्रीवर्स इनोवेशंस और जंप्स ऑटोमेशन को स्टेज-II ग्रांट के लिए चुना गया।
Cohort-II की शुरुआत और चयन
जुलाई 2025 में शुरू हुए Cohort-II में AI, Li-Fi, सुरक्षा और ड्रोन तकनीक से जुड़े पांच विशेष समस्या-वक्तव्यों पर काम किया गया। बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों को विशेषज्ञ चयन समिति जिसमें अकादमिक जगत, उद्योग, सी-डॉट और STPI के सदस्य शामिल थे। उनके द्वारा जांचा गया। चयनित 18 स्टार्टअप्स को 8 अक्टूबर 2025 को India Mobile Congress 2025 के ASPIRE स्टार्टअप मंच पर आयोजित कार्यक्रम में स्टेज-I ग्रांट प्रदान किया गया।
Cohort-II के शीर्ष 5 स्टार्टअप
डेमो डे के दौरान सभी स्टार्टअप्स ने अपनी तकनीकी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया। उत्पाद क्षमता और कार्यान्वयन के आधार पर निम्नलिखित पांच स्टार्टअप्स को स्टेज-II ग्रांट के लिए चुना गया:
- ह्यूबिट्स टेक प्राइवेट लिमिटेड
- खगेश्वर एविएशन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड
- एक्सपेक्ट्रो सॉल्यूशंस (OPC) प्राइवेट लिमिटेड
- ज़ेप्टो लॉजिक टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड
- वोकबॉट.एआई टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड
इन शीर्ष स्टार्टअप्स को कार्यक्रम के दौरान ग्रांट की दूसरी किस्त प्रदान की गई। साथ ही इन्हें C-DOT Collaborative Research Program के माध्यम से संभावित साझेदारी और अतिरिक्त वित्तीय सहायता के अवसर भी मिल सकते हैं।
नवाचार से डिजिटल परिवर्तन को गति
सी-डॉट के सीईओ राजकुमार उपाध्याय ने स्टार्टअप्स की सराहना करते हुए कहा कि इनकी ऊर्जा और नवाचार देश के डिजिटल परिवर्तन की प्रमुख शक्ति है और यह पहल आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।