केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार (6 जुलाई 2026) को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में सहकारिता मंत्रालय के 5वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। समारोह का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” के विजन के अनुरूप किया जा रहा है। पिछले पांच वर्षों में सहकारिता मंत्रालय ने प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स), सहकारी बैंकों, डेयरी सहकारी समितियों, शहरी सहकारी संस्थाओं और बहु-राज्य सहकारी समितियों के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें की हैं।
कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल
समारोह में केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉ. आशीष कुमार भूटानी, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सचिव आतिश चंद्र और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव नरेश पाल गंगवार सहित विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं, सहकारी महासंघों, सहकारी बैंकों, डेयरी सहकारी समितियों, भारत टैक्सी, पैक्स तथा सहकारिता क्षेत्र के अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
अन्न भंडारण और सहकार वन परियोजनाओं को मिलेगी गति
अमित शाह विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत 135 अन्न भंडारण गोदामों का हस्तांतरण, 85 गोदामों का लोकार्पण और 47 गोदामों का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही अमूल और एनसीसीएफ की ओर से विकसित किए जा रहे 64 एकड़ के सहकारी वनीकरण प्रोजेक्ट ‘सहकार वन’ का भूमि पूजन भी किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और महाराष्ट्र के जलगांव में बीबीएसएसएल की टिश्यू कल्चर सुविधाओं का भूमि पूजन भी कार्यक्रम का हिस्सा होगा।
डिजिटल पहलों का होगा शुभारंभ
समारोह के दौरान एनसीडी 3.0, जियो-टैग मोबाइल एप्लिकेशन और एनडीडीबी के दूध आपूर्ति समीक्षा डैशबोर्ड पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा कोऑपरेटिव इनपुट्स एंड सर्विसेज डिलीवरी मल्टी-स्टेट लिमिटेड के तहत डेयरी पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने से जुड़ी पहलों की शुरुआत होगी। कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स ऑर्गनाइजेशन मल्टी-स्टेट लिमिटेड और गोमय सहकारी समिति मल्टी-स्टेट लिमिटेड का भी उद्घाटन किया जाएगा।
शहरी सहकारी बैंकों के लिए नई डिजिटल सुविधाएं
अमित शाह नेशनल अर्बन कोऑपरेटिव फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनयूसीएफडीसी) की दो प्रमुख डिजिटल पहलों ‘सहकार सीबीएस’ और ‘सहकार सहयोगी’ का भी अनावरण करेंगे। इनमें ‘सहकार सीबीएस’ केंद्रीकृत कोर बैंकिंग प्लेटफॉर्म है, जबकि ‘सहकार सहयोगी’ शहरी सहकारी बैंकों के लिए संवादात्मक एआई आधारित प्लेटफॉर्म है।
50,000 पैक्स होंगे ई-पैक्स में परिवर्तित
कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धियों में 50,000 पैक्स का ई-पैक्स में रूपांतरण भी शामिल है, जिसे जमीनी स्तर पर सहकारी संस्थाओं के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर बीज प्रणालियों को मजबूत करने के लिए बीबीएसएसएल और आईसीएआर के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही डेयरी सहकारी समितियों के लिए आदर्श उप-विधियां जारी की जाएंगी और सहकारिता मंत्रालय की पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा।
‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को मिलेगा विस्तार
मंत्रालय के अनुसार यह समारोह किसानों, महिलाओं, युवाओं, छोटे उत्पादकों, डेयरी किसानों, शहरी सहकारी संस्थाओं और ग्रामीण संगठनों को “सहकार से समृद्धि” तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के विजन से जोड़ने वाले सहकारी इकोसिस्टम को और मजबूत करेगा।