श्री आनंदपुर साहिब : श्री आनंदपुर साहिब निवासियों के लिए खुशी भरी खबर सामने आई है। दरअसल, पंजाब सरकार ने श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र में विकास को नया रूप देने के लिए 133 करोड़ रुपये की स्पेशल ग्रांट जारी की है। मीडिया सेंटर श्री आनंदपुर साहिब में अपने संबोधन के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 18 फीट चौड़ी सड़कों का बढ़ा हुआ नेटवर्क, ड्रेनेज सिस्टम, सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता और गंदे पानी की निकासी के लिए नई लाइनें इस विधानसभा क्षेत्र की ग्रामीण तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए भी बड़े पैमाने पर ग्रांट जारी कर रही है।
शिक्षा मंत्री बैंस ने कहा कि नदियों, नहरों पर पुल और पुलिया, सड़कों को मजबूत करने और नई लिंक सड़कों का निर्माण लगातार किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री बैंस ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में 127 km सड़कें 18 फीट चौड़ी बनाई जा रही हैं, जिससे दूर-दराज के इलाकों में आसानी से आने-जाने की सुविधा मिलेगी। इसी तरह, पानी की कमी का सामना कर रहे कई गांवों में सिंचाई के लिए नई पानी की लाइनें बिछाई जाएंगी। जो जमीनें सिंचाई से वंचित थीं, उन्हें अब इसका फ़ायदा मिलेगा। इसके साथ ही, वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट्स के तहत गांवों में हर घर तक पानी पहुंचाने का नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है।
गांवों के विकास को ध्यान में रखते हुए गंदे पानी की निकासी के लिए नई नालियां, सोक पिट और स्टॉर्म वॉटर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट्स को भी रफ़्तार दी जाएगी, जिससे गंदगी और बीमारियों का खतरा कम होगा। इस मौके पर इलाके के गांवों के पंच, सरपंच, नंबरदार, आम आदमी पार्टी के नेता बड़ी संख्या में मौजूद थे।