चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सा ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल के निर्माण के लिए 348.28 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है। इससे रेवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। प्रदेश की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने अस्पताल परियोजना की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नागरिक अस्पताल बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार मिल सकेगा और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी कम होगी।
जिले में ही मिलेंगी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रेवाड़ी नागरिक अस्पताल परियोजना क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित होने से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को समय पर उपचार मिल सके और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम हो।
जल्द शुरू होगी निर्माण प्रक्रिया
आरती सिंह राव ने बताया कि नागरिक अस्पताल के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करवाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार निवेश कर रही है, जिससे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार हो और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि रेवाड़ी के नागरिकों को बेहतर, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। 348.28 करोड़ रुपये की यह परियोजना रेवाड़ी जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव लाने की दिशा में अहम साबित होगी।