उत्तर प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को और चौक चौबंद बनाने के लिए वीकेंड ट्रेनिंग टारगेट ‘Weekend Training Target’ लागू किया जा रहा है। यह पहल सीएम योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप शुरू की गई है। इसके तहत पुलिस बल की व्यावसायिक दक्षता (Professional Competency), क्षमता निर्माण (Capacity Building) और सुशासन आधारित आधुनिक पुलिसिंग को सुदृढ़ किया जाएगा। इसी क्रम में डीजीपी की अध्यक्षता में गठित Capacity Building Unit (CBU) द्वारा भारत सरकार के iGOT Karmayogi Portal पर यूपी पुलिस की ट्रेनिंग और प्रदर्शन की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसका उद्देश्य हर पुलिसकर्मी को नई कानूनी, तकनीकी, प्रबंधकीय और व्यावसायिक दक्षताओं से निरंतर अपडेट रखते हुए एक सक्षम, दक्ष, उत्तरदायी और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार पुलिस बल का निर्माण करना है।
डीजीपी ने निर्देश दिए हैं कि हर हफ्ते iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर उपलब्ध उपयोगी और विषय-विशेष आधारित ऑनलाइन प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का चयन किया जाए। चयनित पाठ्यक्रमों को हर हफ्ते “Weekend Training Target” के रूप में सभी पुलिसकर्मियों द्वारा नियमित ड्यूटी को प्रभावित किए बिना, वीकेंड में शनिवार और रविवार के दौरान पूरा किया जाएगा। हर सोमवार वीकेंड में दी गई ट्रेनिंग की प्रगति, सहभागिता और अनुपालन की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह ट्रेनिंग व्यवस्था केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसकी प्रभावशीलता का आकलन मापनीय परिणामों (Measurable Outcomes) के आधार पर किया जाएगा। प्रशिक्षण की नियमित प्रगति, सहभागिता, मूल्यांकन और काम के निष्पादन पर ट्रेनिंग के प्रभाव की लगातार समीक्षा की जाएगी। इससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपयोगिता और व्यावहारिक प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा सके।
इस अभिनव पहल के पहले चरण में इस हफ्ते अग्नि सुरक्षा (Fire Safety) विषयक लगभग 48 मिनट अवधि का ऑनलाइन ट्रेनिंग पाठ्यक्रम चयनित किया गया है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आग से संबंधित सुरक्षा उपायों, आग लगने के कारणों तथा आग से निपटने की प्रभावी विधियों को समझाया गया है। इसमें आग के विभिन्न प्रकार-Class A, B, C, D, E तथा F/K-और उनकी विशेषताओं का विस्तार से वर्णन किया गया है। प्रशिक्षण में आग बुझाने के मूल सिद्धांतों जैसे शीतलन (Cooling), दम घोंटना (Smothering), ईंधन हटाना (Starvation) तथा रासायनिक प्रतिक्रिया को रोकना (Inhibition) पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही, अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग हेतु PASS विधि (Pull, Aim, Squeeze, Sweep) को व्यावहारिक रूप से समझाया गया है। यह पाठ्यक्रम आग की उत्पत्ति, आग बुझाने के उपकरणों के प्रकार तथा मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं के महत्व को रेखांकित करता है, जिससे आग की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
डीजीपी ने सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों को आदेश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ सभी पुलिसवालों की ट्रेनिंग शनिवार और रविवार के दौरान पूरी करना सुनिश्चित करें। इसकी प्रगति की समीक्षा अगले सोमवार को की जाएगी। इस मौके पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप सक्षम बनाने के लिए नियमित ट्रेनिंग, क्षमता संवर्धन और कौशल उन्नयन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। ‘Weekend Training Target’ के जरिए हर पुलिसवाले को लगातार सीखने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण के परिणामों का आकलन भी मापनीय मानकों पर किया जाएगा। हमारा लक्ष्य एक अधिक दक्ष, तकनीक-सक्षम, नागरिक-केंद्रित और पेशेवर पुलिसबल का निर्माण करना है।