केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत को अगले साल तक 85 ट्रिलियन डॉलर की वैश्विक जीडीपी वाले बाजारों में तरजीही व्यापार पहुंच मिलने की उम्मीद है। फिलहाल भारत को 70 ट्रिलियन डॉलर की वैश्विक जीडीपी वाले बाजारों में ऐसी पहुंच हासिल है। जारी व्यापार वार्ताओं के जरिए इसमें 15 ट्रिलियन डॉलर की और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ प्रस्तावित समझौते सहित कई व्यापार समझौतों को आने वाले महीनों में अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
2026-27 तक एक ट्रिलियन डॉलर निर्यात का लक्ष्य
दिल्ली में फिक्की की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने वित्त वर्ष 2026-27 तक भारत के कुल निर्यात को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य दोहराया। उन्होंने उद्योग जगत और स्टार्टअप कंपनियों से वैश्विक बाजारों में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने और नए बाजारों तक पहुंच बनाने का यह महत्वपूर्ण अवसर है।
अक्टूबर में निर्यात 90 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर
गोयल ने कहा कि वैश्विक स्तर पर चुनौतियों और अनिश्चितताओं के बावजूद भारत का निर्यात लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में देश का निर्यात 90 अरब डॉलर रहा, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता था कि यह साल किस तरह आगे बढ़ेगा। आज भी दुनिया में दो युद्ध जारी हैं। लेकिन जब आप किसी चीज को दिल से हासिल करना चाहते हैं, तो वह संभव हो सकती है।”
भारत को वैश्विक जरूरतों के लिए बनाना होगा महत्वपूर्ण भागीदार
‘भारत की विकास संबंधी अनिवार्यता : वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्था का निर्माण’ विषय पर अपने समापन संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत को वैश्विक जरूरतों के लिए एक महत्वपूर्ण भागीदार बनना होगा। इसके लिए देश के भीतर ऐसी क्षमताएं विकसित करनी होंगी, जो भारत को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत स्थिति दिला सकें। उन्होंने कहा कि भारत के पास आगे बढ़ने के लिए जरूरी प्रतिभा, पूंजी, उद्यमी और कौशल उपलब्ध हैं। देश के आर्थिक आधार मजबूत हैं और बैंकिंग व्यवस्था भी बड़े आर्थिक लक्ष्यों को हासिल करने में सक्षम है।
भारत के आर्थिक बुनियादी कारक मजबूत: गोयल
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “हमारी अर्थव्यवस्था का वैश्विक महत्व है और यह दुनिया के लिए ईर्ष्या का विषय है। हमारे पास निर्णायक नेतृत्व है। हमारे पास ऐसी प्रतिभा है, जिस पर पूरी दुनिया की नजर है। हमारे व्यापक आर्थिक बुनियादी कारक दुनिया की सर्वश्रेष्ठ अर्थव्यवस्थाओं के बराबर हैं।” उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति और संस्थागत क्षमताएं वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत को आगे बढ़ने का आधार प्रदान करती हैं।
जीडीपी के मुकाबले विदेशी कर्ज करीब 20%
गोयल ने भारत के विदेशी कर्ज और कुल सरकारी कर्ज के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आर्थिक स्थिति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई बार आश्चर्य व्यक्त किया जाता है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने किसी को जानकारी दी कि भारत का विदेशी कर्ज जीडीपी का लगभग 20% है, तो वह हैरान रह गया। इसी तरह, उन्होंने कहा कि सरकार सहित देश का कुल कर्ज जीडीपी के 80% से कम है और इसे और घटाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन आंकड़ों के जरिए उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था के मजबूत आर्थिक आधार को रेखांकित किया।
भारत की आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक टिप्पणियों को लेकर विपक्ष पर निशाना
केंद्रीय मंत्री ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर विपक्षी नेताओं की नकारात्मक टिप्पणियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कुछ लोग विदेश जाकर कहते हैं कि भारत आर्थिक आपदा के कगार पर है। हम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। हमारा देश निर्यात को 863 अरब डॉलर से बढ़ाकर 1,000 अरब डॉलर करने जा रहा है। दो युद्धों और अस्थिरता तथा अनिश्चितता से भरे साल में भी हमारी आर्थिक विकास दर छह प्रतिशत है। क्या आप विदेश जाकर अपने देश की आलोचना करने जाते हैं या भारत के लोगों के साथ एकजुटता दिखाने?”
व्यापार समझौतों से बढ़ेगी भारतीय उद्योगों की वैश्विक पहुंच
पीयूष गोयल ने कहा कि विभिन्न देशों के साथ जारी व्यापार वार्ताओं और प्रस्तावित समझौतों से भारतीय उद्योगों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। अमेरिका सहित अन्य देशों के साथ व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिए जाने से भारत के निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने उद्योग जगत से वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप अपनी उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और नवाचार को मजबूत करने का आह्वान किया।