फिल्म आदिपुरुष में श्रीराम का किरदार निभा रहे प्रभास की आवाज को एक्टर शरद केलकर ने डब किया है। अब हाल ही शरद ने कहा है कि वो अपने आप को बेहद भाग्यशाली मानते हैं कि उन्होंने भगवान श्रीराम के कैरेक्टर को अपनी आवाज दी है। शरद का कहना है कि लोगों ने इतने सालों तक उन्हें बाहुबली की आवाज के रूप में याद किया, अब लोग उन्हें भगवान श्रीराम की आवाज के तौर पर याद करेंगे।
मुझे अब भगवान श्रीराम की आवाज के तौर पर याद किया जाएगा
आदिपुरुष इस समय कई अच्छी और बुरी वजहों से चर्चा में है। फिल्म का खराब वीएफएक्स और फिल्म के कैरेक्टर्स को गलत तरीके से दिखाने के लिए जहां मेकर्स की काफी आलोचना हुई वहीं कुछ ऑडियंस ऐसी भी है जो प्रभास को भगवान राम की भूमिका में देखने के लिए एक्साइटेड हैं।
अब हाल ही में फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे प्रभास को अपनी आवाज देने वाले एक्टर शरद केलकर ने मीडिया से बातचीत की। शरद ने कहा- "ओम राउत पहले दिन से क्लीयर थे कि प्रभास के कैरेक्टर को मैं ही अपनी आवाज दूं। और मैं इस मामले में बेहद भाग्यशाली हूं कि मैंने भगवान श्रीराम के कैरेक्टर को अपनी आवाज दी है। मुझे इतने सालों तक लोगों ने बाहुबली की आवाज के रूप में याद किया, अब 2023 के बाद लोग मुझे भगवान श्रीराम की आवाज के तौर पर याद करेंगे। मैं अपने आप को धन्य मानता हूं कि श्री राम ने मुझे अपनी आवाज बनने के लिए चुना।"
मैं सिर्फ अपने काम पर ध्यान देता हूं
शरद केलकर से जब फिल्म के खराब वीएफएक्स और हाल ही में आई छोटे बजट की फिल्म हनुमान के शानदार वीएफएक्स की तुलना पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- "मैं सिर्फ अपने काम पर ध्यान देता हूं और इन सब बातों से दूर रहता हूं। खैर मैंने अभी तक हनुमान का टीजर नहीं देखा है इसलिए मैं इस पर कोई भी कॉमेंट नहीं कर सकता।"
अगले साल जून 2023 में रिलीज होगी आदिपुरुष
बता दें कि ओम राउत के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 16 जून 2023 में रिलीज होगी। फिल्म में प्रभास, कृति सेनन, सैफ अली खान और सनी सिंह अहम किरदार में होंगे। ये एक पैन इंडिया फिल्म है, जिसे हिंदी समेत तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषा में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का बजट लगभग 500 करोड़ रुपए है हालांकि टीजर रिलीज होने के बाद से ही इसे काफी ट्रोल किया गया। फिल्म के खराब वीएफएक्स और भगवान राम, हनुमान और रावण के लुक को गलत तरीके से दिखाने के लिए फिल्म के मेकर्स को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।