जालंधर : वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही की समीक्षा के लिए ब्लॉक लोहियां खास, शाहकोट, नकोदर, मेहतपुर और नूरमहल में ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठकें आयोजित की गई।
एलडीएम जालंधर एम.एस. मोती ने बताया कि जिले के सभी 11 ब्लॉकों में यह बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि अब तक 5 ब्लॉकों में हुई बैठकों के दौरान दूसरी तिमाही (01.07.2026 से 30.09.2026 तक) में बैंकों के कार्यगुज़ारी की समीक्षा के साथ-साथ चालू आर्थिक वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों और परिणामों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठकों के दौरान जन सुरक्षा योजनाओं, पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को जागरूक करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण के लिए प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निपटान का निर्देश दिया गया। साथ ही बैंकों द्वारा 31 दिसंबर 2026 तक ग्राम पंचायत स्तर पर फाइनेंशियल इंक्लूजन सैचूरेशन कैंप लगाने के बारे में भी जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में फिल्लौर, रुड़का कलां, भोगपुर और आदमपुर आदि ब्लॉकों में भी बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इन बैठकों में बैंक अधिकारियों द्वारा 30 सितंबर 2026 को समाप्त हुई तिमाही के दौरान अपने-अपने बैंक के कार्यगुज़ारी के बारे में जानकारी दी गई। एल.डी.एम ने बैंकों को सीडी रेशो में सुधार के लिए अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत करने के लिए कहा।
बैठकों में आजीविका मिशन के प्रतिनिधि, नाबार्ड के अधिकारी, रूडसेट संस्थान के प्रतिनिधि, क्रिसिल एवं अरोह फाउंडेशन तथा बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद थे।