भ्रष्टाचार के खिलाफ पंजाब सरकार लगातार शिकंजा कसती जा रही है। पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई करते हुए फाजिल्का के एसएसपी को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में की गई है। गौरतलब है कि बीते दिन फाजिल्का थाने के चार पुलिसकर्मियों को विजिलेंस टीम ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इसके बाद मामले में तेजी दिखाते हुए सरकार ने अब उच्चस्तरीय अधिकारी पर भी कार्रवाई कर दी है।
भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा मान सरकार लगातार यह संदेश दे रही है कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे वो छोटा अधिकारी हो या बड़ा, अपनों और परायों में कोई भेद नहीं किया जाएगा।कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा ने भी इस कार्रवाई पर बयान जारी करते हुए कहा "भ्रष्टाचार के मामले में न कोई छोटा है, न बड़ा। जो दोषी होगा, वह बख्शा नहीं जाएगा। ये सरकार साफ नीयत और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।" इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। जांच अभी जारी है और विजिलेंस की टीम आने वाले दिनों में और खुलासे कर सकती है।