चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हमला बोला है। उन्होंने न केवल बादल द्वारा बांटे जा रहे बीजों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए, बल्कि अकाली दल के शासनकाल में हुए एक बड़े "बीज घोटाले" का भी खुलासा किया ।"तोता सिंह वाले बीज घोटाले की जांच जारी"
सुखबीर बादल द्वारा बाढ़ प्रभावित किसानों को एक लाख एकड़ जमीन के लिए बीज बांटने के ऐलान पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा, "सुखबीर बादल कह रहे हैं कि मैं एक लाख एकड़ के लिए बीज दूंगा। ये नकली बीज दे जाएंगे।"
उन्होंने अकाली दल के शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा, "मैं इनके बीजों को पहचानता हूं। अभी तोता सिंह वाले बीज घोटाले की जांच चल रही है। कहीं ये 'तोता सिंह मेमोरियल' बीज न दे जाएं... पता करके रखना। इन बीजों ने सैकड़ों घरों में मातम फैला दिया था।"
अकाली दल के बीजों की भी होगी जांच
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वह सुखबीर बादल द्वारा बांटे जा रहे बीजों की भी जांच करवाएंगे। उन्होंने कहा, "हम अकाली दल द्वारा पहले बांटे गए और अब बांटे जाने वाले, दोनों तरह के बीजों की गुणवत्ता की जांच कराएंगे और अगर कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"