प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव की 105वीं जयंती पर उनको श्रद्धांजलि दी । पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने देश के इतिहास के एक अहम दौर में भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रधानमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी एक पोस्ट में कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री श्री पी.वी. नरसिम्हा राव जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्होंने देश के इतिहास के एक अहम दौर में भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एक कुशल प्रशासक के तौर पर उन्होंने अपनी पहचान बनाई। वे एक विद्वान भी थे और उन्हें भारत की विविध संस्कृति का गहरा ज्ञान और समझ थी।”
इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं। देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दिखाने और आमजन के जीवन को सरल बनाने के अभिनव प्रयासों के लिए आपको सदैव याद किया जाएगा।”
केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने पोस्ट किया, “लोकप्रिय राजनेता व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर कोटिशः नमन। देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दिखाने के अभिनव प्रयासों के लिए आपको सदैव याद किया जाएगा।”