प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोनम वांगचुक से अपील की कि वे 26 दिनों की भूख हड़ताल समाप्त करने के बाद डॉक्टरों की सलाह का पालन करें और अपनी सेहत संभालें।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “मैं सोनम जी से आग्रह करता हूं कि वह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में डॉक्टरों की सलाह मानें और जल्द से जल्द अपना पुराना वजन वापस पाएं। मैं ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।”
यह अपील वांगचुक के एक निजी अस्पताल में अनशन तोड़ने के कुछ घंटों बाद आई। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, जितेंद्र सिंह, लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेता, डॉक्टर और परिवार के सदस्य मौजूद थे।
पेपर लीक पर सख्त कानून की तैयारी
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान पेपर लीक मामलों पर भी सरकार की सख्ती का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पेपर लीक के मामलों में कड़ी सजा और सख्त प्रावधानों वाला एक व्यापक बिल तैयार कर रही है। इस प्रस्ताव पर शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में चर्चा होगी और इसे अगले हफ्ते संसद में पेश किए जाने की संभावना है।
इससे पहले गुरुवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि “देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की शृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”