पठानकोट-चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के समीप बैली गांव में एक मालवाहक ट्रक में अचानक भयंकर आग लग गई। गनीमत यह रही कि ट्रक चालक की सूझबूझ और तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। जैसे ही ट्रक के इंजन से धुआं उठना शुरू हुआ, चालक ने घबराने की बजाय स्थिति को संभाला और ट्रक को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर तुरंत बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। प्रथम दृष्टया आग लगने का मुख्य कारण वायरिंग में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार लोहे के बड़े-बड़े पाइपों से लदा यह मालवाहक ट्रक सोमवार रात पठानकोट से चम्बा की ओर जा रहा था। रात करीब 12 बजे जब ट्रक बैली गांव से कुछ मीटर पहले एक खड़ी चढ़ाई पर पहुंचा, तभी चालक को इंजन की तरफ से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, धुएं ने आग की लपटों का रूप ले लिया और ट्रक के अगले हिस्से को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलती देख चालक ने ट्रक को तुरंत सड़क किनारे खड़ा कर अपनी जान बचाई।
हाईवे पर आधी रात को ट्रक धू-धू कर जलता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग बनीखेत को इस घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
इस भीषण आग के कारण ट्रक का केबिन पूरी तरह से जलकर राख हो गया है, जबकि इंजन सहित वाहन के अन्य हिस्सों को भी भारी नुक्सान पहुंचा है। हालांकि, फायर ब्रिगेड के समय पर पहुंचने के कारण आग को ट्रक के पिछले हिस्से तक फैलने से रोक लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि ट्रक में आग लगने की इस घटना को लेकर पुलिस में कोई भी मामला दर्ज नहीं करवाया गया है।