नई दिल्ली(एजेंसी) : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट की एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के विरोध में विपक्ष का प्रदर्शन दिल्ली में लगातार तीसरे दिन भी जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बुलावे पर विपक्ष के तमाम बड़े नेता और सांसद कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में एकत्रित हुए, जहाँ लंच के बाद सभी ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्यक्रम तय किया। कनॉट प्लेस के मोएट्स रेस्टोरेंट में जुटे विपक्षी नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा INDIA ब्लॉक के सांसदों के लिए कनॉट प्लेस के मोएट्स रेस्टोरेंट में लंच का आयोजन किया गया था।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी और दीपेंद्र हुड्डा सहित कई प्रमुख विपक्षी नेता इस बैठक में शामिल हुए।
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से देश में चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, क्योंकि विपक्ष को चुनाव आयुक्तों से मिलने की अनुमति तक नहीं दी जा रही है।
राजघाट की ओर मार्च और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
लंच के बाद सभी विपक्षी सांसदों और नेताओं का राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम है।
राजघाट के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत 5 या उससे अधिक लोगों के एक साथ जुटने पर पाबंदी है।
इस बीच, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प और कथित मारपीट के मामलों में दिल्ली पुलिस द्वारा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं के खिलाफ तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। 6 अक्टूबर को मार्च के दौरान आकाशवाणी भवन में कथित रूप से प्रवेश करने के मामले में भी कार्रवाई की गई है।
।