केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने देश के बुनियादी ढांचे, रेलवे आधुनिकीकरण, डिजिटल इंडिया और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
पीएम मोदी ने बताया ‘विकसित भारत’ का अहम सूत्रधार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर शुभकामना संदेश में कहा कि अश्विनी वैष्णव देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं, जो ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अहम योगदान देगा। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी और नवाचार से जुड़े भविष्य के क्षेत्रों को बढ़ावा देने के उनके प्रयास भी सराहनीय हैं। प्रधानमंत्री ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
नितिन गडकरी ने दी दीर्घायु की शुभकामनाएं
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अश्विनी वैष्णव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।
सिंधिया ने रेलवे और डिजिटल भारत में योगदान को सराहा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में भारतीय रेल, डिजिटल भारत और जनसंचार के क्षेत्र लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से उनके स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की प्रार्थना की।
हिमंता बिस्वा सरमा ने आधुनिकीकरण के प्रयासों की सराहना की
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि अश्विनी वैष्णव भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण, उन्नत सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और सूचना एवं प्रसारण क्षेत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव से प्रार्थना की।
ओम बिड़ला और जितेंद्र सिंह ने भी दी शुभकामनाएं
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने अश्विनी वैष्णव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, प्रसन्न और मंगलमय जीवन की कामना की। वहीं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी उन्हें स्वस्थ, प्रफुल्लित और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
भूपेंद्र पटेल ने सेमीकंडक्टर मिशन में भूमिका की सराहना की
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि अश्विनी वैष्णव प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भारतीय रेल के आधुनिकीकरण के साथ-साथ देश को सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। (इनपुट: आईएएनएस)