चंडीगढ़ में एक 25 वर्षीय महिला ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल मृतका का शव सेक्टर 16 के गवर्नमेंट मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
मृतका की पहचान मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी की रहने वाली शिवानी के रूप में हुई है। उसकी शादी नवंबर 2021 में सेक्टर 56 के सन्नी के साथ हुई थी।
4 महीने का बच्चा भी है
शिवानी को उसके ससुराल वाले सेक्टर 16 के गवर्नमेंट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी पाकर उत्तर प्रदेश से उसके परिजन भी पहुंच गए। मृतका का एक 4 महीने का बच्चा भी है।
बहन आत्महत्या नहीं कर सकती
मृतका के भाई विरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिवानी की शादी के बाद ही उसका पति उसके साथ मारपीट करता था। वह उसे तंग परेशान करता था। उन्होंने कहा कि परिवार को सूचना मिली थी कि शिवानी ने फंदा लगा आत्महत्या की है, मगर शिवानी फांसी नहीं लगा सकती। इसे मृतका का परिवार साजिश बता रहा है। वहीं सेक्टर 56 पलसौरा चौकी इंचार्ज दलजीत सिंह का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।