चंडीगढ़ में सेक्टर 56 के रहने वाले 2 बच्वों के पिता राहुल के परिवार ने आज सेक्टर 32 के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चंडीगढ़ पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राहुल हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है। उसे बीते 26 नवंबर को चंडीगढ़ पुलिस ने ड्रग केस में पकड़ा था। जिसके बाद उसे बुड़ैल जेल भेज दिया गया। जेल में उसकी तबीयत बिगड़ी और अब अस्पताल में है।
परिवार ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि पहले उसे झूठे ड्रग केस में फंसाया गया। उसके बाद उसका रिमांड न लेने के नाम पर डेढ़ लाख रुपए मांगे। पुलिस ने पैसे मांगे और बाद उसे जेल भेज दिया। जेल में उसे नशीला पदार्थ दिया गया जिससे अब उसकी हालत बेहद नाजुक है। जानकारी के मुताबिक, वह हॉस्पिटल के वैंटिलेटर पर है।
वहीं राहुल के परिवार, रिश्तेदारों और कॉलोनी के लोगों के प्रदर्शन को देखते हुए हॉस्पिटल में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वहीं सीनियर पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे हुए थे। चंडीगढ़ पुलिस बीत महीने राहुल को गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी कर पुलिस ने उसे बुड़ैल जेल भेज दिया गया था। उसके कब्जे से 25.8 ग्राम हेरोइन दिखाई गई थी।
कुछ दिन पहले जेल में ठीक था
राहुल के परिवार ने कहा कि वह राहुल को जेल में बीते मंगलवार को मिलने गए थे। तब उसकी तबीयत ठीक थी। इसके बाद राहुल ने कहा था कि वह वीरवार 8 दिसंबर को कॉल करेगा और उसकी मम्मी से बात करवा देना। उसके बाद वीरवार को उसका कॉल नहीं आया। इसके बाद शुक्रवार को परिवार को पुलिस का कॉल आया कि राहुल की तबीयत ज्यादा खराब है और GMCH-32 में उससे मिलने आ जाए। परिवार के मुताबिक उसकी हालत बहुत खराब थी और मुंह से झाग निकल रहा था।
मोहाली फेज 6 में करता था काम
जानकारी के मुताबिक, राहुल मोहाली के फेज 6 में सीट कवर डालने का काम करता था। परिवार ने आरोप लगाया कि उसे पहले मोहाली पुलिस ने पकड़ा और पैसे मांगे। जिसके बाद उसे चंडीगढ़ पुलिस के हवाले का दिया था। वहीं उस पर ड्रग का झूठा केस डाल दिया गया। थाने में उसकी पिटाई भी की गई।
जेल जाने के सप्ताह भर में ही तबीयत बिगड़ी
राहुल के परिवार का कहना है कि जेल भेज पांचवे दिन उसे कुछ नशीला पदार्थ खिला दिया गया। जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। वहीं परिवार ने कहा कि उन्हें पता चला है कि रिपोर्ट में कुछ ड्रग आई है। परिवार ने सवाल उठाया कि जेल में ड्रग कैसे आई। परिवार के मुताबिक जेल प्रशासन ने जेल में ड्रग की बात छिपाने की कोशिश की। अगर राहुल की तबीयत खराब थी तो उसे PGI रेफर किया जाता।
2 दिन बाद दी गिरफ्तारी की जानकारी
राहुल की पत्नी ने कहा कि उन्हें दो दिनों के बाद पुलिस ने राहुल को पकड़े जाने की जानकारी दी। बता दें कि कानून के मुताबिक किसी भी गिरफ्तारी में 24 घंटे के भीतर पुलिस द्वारा परिवार या जानकार को गिरफ्तारी की सूचना देना अनिवार्य है। राहुल की पत्नी पैरालाइज्ड है। उसके 4 और 3 साल साल के दो बच्चे हैं।