यूपी के बदायूं से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां गंगा एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 175 के पास कुत्ता सामने आने से अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में नेपाल से चंडीगढ़ जा रहे 9 लोगों में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी।
हादसा कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 175 पर हुआ। पुलिस ने बताया कि कार में चालक समेत 9 लोग सवार थे, जो नेपाल से चंडीगढ़ जा रहे थे। अचानक रास्ते में कुत्ता सामने आने पर चालक ने कार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में नेपाल के डांग जिले की रहने वाली 32 वर्षीय दीपना खात्री और विपना सुनमगर की मौके पर मौत हो गई। वहीं, 22 वर्षीय अज्ञात पुरुष ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से मृतकों और घायलों को अस्पताल भिजवाया। तीनों शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज में रखे गए हैं। पुलिस पंचायतनामा की कार्रवाई कर रही है।
हादसे में नेपाली चालक दीपक ओली, पुष्पा, ज्ञान बहादुर मल्ल, यादव पोडे, विनोद और सिमोन घायल हुए हैं। सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल बदायूं भेजा गया। वहीं, पुलिस ने अर्टिगा को एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में खड़ा करा दिया है।
महराजगंज में डंपर की चपेट में आने से चार युवकों की मौत
उधर, महराजगंज में भी एक बड़ा हादसा हो गया। जहां बेकाबू डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। चारों एक ही बाइक से निचलौल किसी दोस्त के यहां बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए निकले थे। हादसे में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथे युवक के अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम पचमा केवटान टोला निवासी सन्नी, किशन, विवेक ही बाइक से निचलौल में किसी दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने निकले थे। इनके साथ शिव भी था। इनकी बाइक जैसे ही दमकी गांव के सामने गैस गोदाम के समीप पहुंची कि इस बीच निचलौल की तरफ से जा रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सभी को निचलौल सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पचमा गांव में एक साथ चार युवकों की मौत से हर कोई स्तब्ध हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।