मुंबई; मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने केरल की ब्यूटी क्वीन हर्षा सनी को 11.8 करोड़ रुपये की हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। बैंकॉक से लौटी मॉडल के ट्रॉली बैग से 12 वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर। कौन है केरल की यह हसीना हर्षा सनी? बैंकॉक से लाई 12 करोड़ का गांजा, ऐसे पकड़ी गई मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर कस्टम विभाग ने एक 29 वर्षीय महिला को करीब 12 करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला की पहचान हर्षा सनी के रूप में हुई है, जो एक प्राइवेट बैंक में काम करती है और केरल में हुए एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट की रनर-अप भी रह चुकी है। उसके पास से हाइड्रोपोनिक वीड यानी गांजा जब्त हुआ है।
कैसे पकड़ में आई हर्षा सनी?
जानकारी के मुताबिक, मॉडल हर्षा सनी 10 और 11 जून की दरम्यानी रात एयर इंडिया की फ्लाइट (TG-351) से बैंकॉक से मुंबई पहुंची थी। रूटीन चेकिंग के दौरान एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और कस्टम विभाग के अधिकारियों को उसके हाव-भाव देखकर शक हुआ। इसके बाद उसे रोककर पूछताछ और उसके सामान की चेकिंग की गई।
बैग में मिले 12 वैक्यूम-सील्ड पैकेट
अधिकारियों ने जब हर्षा के ट्रॉली बैग की तलाशी ली, तो उसमें 12 वैक्यूम-सील्ड पैकेट छिपाकर रखे हुए मिले। इन पैकेट्स में हरे रंग का कोई पदार्थ भरा हुआ था। मौके पर ही नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) किट का इस्तेमाल करते हुए इसका केमिकल टेस्ट किया गया। टेस्ट में पुष्टि हुई कि यह उच्च गुणवत्ता वाला (हाई-ग्रेड) हाइड्रोपोनिक मारिजुआना (गांजा) है। 11.8 किलो वजन वाले इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11.8 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कौन है हर्षा सनी?
गिरफ्तार की गई हर्षा सनी एक प्राइवेट बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर काम करती है। इसके अलावा, वह पिछले साल केरल में आयोजित एक ब्यूटी पेजेंट की कंटेस्टेंट (रनर-अप) भी रह चुकी है।
kerala model harsha sunny
आरोपी ने दी ये सफाई
अधिकारियों के मुताबिक, हर्षा ने खुद को बेकसूर बताया है। उसका दावा है कि विदेश यात्रा के दौरान उसकी एक व्यक्ति से दोस्ती हुई थी। उसी शख्स ने उसे यह बैग भारत ले जाने के लिए दिया था और उसे इसके अंदर रखे सामान (ड्रग्स) के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
फिलहाल, पुलिस ने हर्षा को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। उसे मुंबई की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच एजेंसियां अब इस बात का गहराई से पता लगा रही हैं कि क्या यह मामला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से तो नहीं जुड़ा है।
नेपाल बॉर्डर पर भी पकड़ा गया एक करोड़ का गांजा
इसी तरह के एक अन्य मामले में बुधवार को भारत-नेपाल सीमा के पास महराजगंज जिले में भी एक शख्स को अरेस्ट किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के 2.30 किलो हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक वीड के साथ मोहम्मद इदरीश (34) नाम के शख्स को गिरफ्तार किया गया है। तमिलनाडु के रामनाथपुरम के रहने वाले इदरीश को सशस्त्र सीमा बल (SSB) की टीम ने सोनौली बॉर्डर इलाके से मंगलवार शाम उस समय पकड़ा, जब वह पैदल ही भारत में दाखिल हो रहा था। उसके बैग की तलाशी लेने पर यह ड्रग्स बरामद हुई।