चंडीगढ़ : पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की किसानों की मांग को पूरी तरह जायज बताते हुए कहा कि कुछ ही महीने पहले 45 रुपये प्रति किलो बिकने वाली चीनी आज खुले बाजार में ₹65 से ₹70 प्रति किलो (44%-55% वृद्धि) पर बिक रही है लेकिन चीनी का रेट बढ़ने के बावजूद किसानों को उसका कोई फायदा नहीं मिल रहा है। सरकार की गलत नीतियों के चलते जमाखोर और कालाबाजारी करने वाले इसका फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गन्ने का भाव ₹415 से ₹430 प्रति क्विंटल यानी मात्र ₹15 प्रति क्विंटल यानी केवल 3% बढ़ाना किसानों के साथ क्रूर मज़ाक है। हुड्डा ने किसानों की मांग के मुताबिक गन्ने के भाव में वृद्धि करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हरियाणा के गन्ना उत्पादक किसान गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से घोषित कीमतें खेती की लगातार बढ़ती लागत को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार की किसान विरोधी नीतियों और बढ़ती महंगाई ने किसानों की कमर तोड़ दी है। डीजल, खाद, बीज, कृषि उपकरण आदि महंगे होने से खेती की लागत बढ़ गयी। किसान की आमदनी बढ़ने की बजाय घट गयी है। डीजल का भाव दोगुना हो गया। खाद के कट्टे का भाव दोगुना हो गया। बाजार में खाद्यान्नों की कीमत रोज नये रिकार्ड बना रही है, लेकिन किसानों को उनकी उपज का लागत भाव भी नहीं मिल रहा है। हुड्डा ने कहा कि 2004 में जब हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनी उस समय गन्ने का भाव ₹117 से बढ़ाकर ₹310 किया, जो 165% बढ़ोतरी थी और देश में सबसे ज्यादा थी। पिछले 12.5 साल में बीजेपी सरकार ने गन्ने का भाव ₹310 से केवल ₹415 किया है। हमारे समय गन्ने के भाव में हर साल 17% बढ़ोतरी होती थी लेकिन बीजेपी सरकार मात्र 3% भाव ही बढ़ा रही है। हमारी सरकार के दौरान किसानों से गन्ना खरीद के साथ तुरंत भुगतान सुनिश्चित किया जाता था।
उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी चुनावी राज्य पंजाब जाकर वहाँ किसानों का हमदर्द होने का दिखावा कर रहे हैं और किसानों का वोट लेने के लिए बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वे हरियाणा के किसानों को उनकी उपज का वाजिब हक देने में पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं। जिससे हरियाणा का किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। हुड्डा ने कहा कि सरकार का मकसद किसानों को उनकी मेहनत का वाजिब दाम न देकर सिर्फ चंद उद्योगपतियों की तिजोरी भरना रह गया है।