जयपुर । उप मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने रविवार को जयपुरिया अस्पताल स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं और वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं सेवाओं का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री ने वन स्टॉप सेंटर पर उपस्थित पीड़ित महिला की समस्या तथा उसे उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से आवश्यक सहायता दी जाए। इस दौरान उन्होंने वन स्टॉप सेंटर पर पूर्व में दर्ज प्रकरणों की भी जानकारी ली तथा संबंधित मामलों में पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई गई सहायता एवं वर्तमान स्थिति के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने केंद्र में संधारित रिकॉर्ड, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न सेवाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त महिला अधिकारिता राकेश राजोरिया, उप निदेशक कुंतल बिश्नोई, डॉ. राजेश डोगीवाल, सुनीता मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर पर आने वाली पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा, परामर्श, चिकित्सा, विधिक सहायता सहित आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाली प्रत्येक पीड़ित महिला की समस्या को संवेदनशीलता से सुनते हुए उसे आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।