प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रम्प और अमेरिका की जनता को बधाई दी। पीएम मोदी ने भारत-अमेरिका साझेदारी की स्थायी ताकत पर जोर दिया। उन्होंने उल्लेख किया कि दोनों लोकतंत्रों के बीच का रिश्ता केवल एक रणनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र के साझा मूल्यों, कानून के शासन और अपने लोगों की असीम क्षमता में विश्वास पर आधारित है।
पीएम मोदी ने एक्स पर कहा
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट में लिखा, 140 करोड़ भारतीयों की ओर से, मैं राष्ट्रपति ट्रम्प और अमेरिका की जनता को आपकी स्वतंत्रता की इस ऐतिहासिक 250वीं वर्षगांठ पर हार्दिक बधाई देता हूँ।”
हमारा साझा विश्वास हमारी मित्रता को वैश्विक कल्याण की एक ताकत बनाता है
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका केवल एक रणनीतिक साझेदारी से कहीं बढ़कर गहरा रिश्ता साझा करते हैं। लोकतंत्र, कानून के शासन और अपने लोगों की असीम क्षमता में हमारा साझा विश्वास हमारी मित्रता को वैश्विक कल्याण की एक ताकत बनाता है। आने वाले 250 वर्ष अमेरिका के लिए और भी अधिक समृद्धि, शांति और प्रगति लेकर आएं तथा भारत-अमेरिका साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पीएम मोदी को धन्यवाद दिया
पीएम मोदी के बधाई संदेश पर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने धन्यवाद देते हुए, प्रधानमंत्री के एक एक्स पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “धन्यवाद पीएम नरेंद्र मोदी।”
भारत में अमेरिकी दूतावास ने विशेष विशेष वीडियो साझा किया
वहीं, दिल्ली में अमेरिकी दूतावास ने अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ पर शनिवार को सोशल मीडिया हैंडल एक्स एक विशेष वीडियो साझा किया, वीडियो की शुरुआत हाल ही में फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के इतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की द्विपक्षीय बैठक के दृश्यों से होती है।
इस विशेष वीडियो में पूर्व नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स, संगीतकार ए.आर. रहमान और कई अन्य मशहूर भारतीय हस्तियां इस खास मौके पर बधाई देती नजर आईं।
4 जुलाई को अमेरिका की आजादी की 250वीं वर्षगांठ
अमेरिका ने इस साल 4 जुलाई को अपनी आजादी की 250वीं वर्षगांठ मनाई। अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भारतीय नौसेना ने आईएनएस सुदर्शिनी को अमेरिका भेजा है। भारतीय नौसेना ने कहा कि समुद्री अभियान लोकायन-26 के तहत आईएनएस सुदर्शिनी न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुई है। यह अभियान भारत की समृद्ध समुद्री विरासत और विभिन्न देशों के साथ समुद्री सहयोग, सद्भावना तथा आपसी विश्वास को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, आईएनएस सुदर्शिनी पिछले सप्ताह बाल्टीमोर बंदरगाह पहुंची थी। यह पोत 26 जून को वर्जीनिया के नॉरफॉक से रवाना होकर ऐतिहासिक चेसापीक एंड डेलावेयर (सी एंड डी) नहर से होते हुए बाल्टीमोर पहुंचा। इससे पहले 19 से 23 जून तक आईएनएस सुदर्शिनी ने नॉरफॉक में आयोजित सेल 250 वर्जिनिया समारोह में भी भाग लिया, जहां उसने दुनिया के विभिन्न देशों के पारंपरिक नौकायन जहाजों के साथ परेड ऑफ सेल और सिटी क्रू परेड में भारत का प्रतिनिधित्व किया