निर्देशक उमेश शुक्ला की फिल्म ‘हीर एक्सप्रेस’ इस शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। लंबे समय के बाद कोई ऐसी फिल्म आई है जिसे सुकून से अपने परिवार के साथ बैठकर देखा जा सकता है। इस फिल्म में दिविता जुनेजा, प्रीत कमानी के साथ आशुतोष राणा, गुलशन ग्रोवर और संजय मिश्रा की अहम भूमिका है। हीर एक्सप्रेस एक फैमिली कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है जो प्यार और परिवार के महत्व को दर्शाती है। इस फिल्म से दिविता जुनेजा ने इंडस्ट्री डेब्यू किया है। बात करें एक्टिंग की तो दिविता ने फिल्म में अच्छी एक्टिंग की है।
दिविता जुनेजा की मासूमियत और उनके प्यार से बोलने का अंदाज आपको याद रहेगा । दिविता जुनेजा के अपोजिट प्रीत कमानी है जिनके साथ उनकी कैमिस्ट्री सहज और प्यारी लगती है। इस फिल्म का निर्देशन उमेश शुक्ला ने किया है। ‘ओह माय गॉड’ और ‘102 नॉट आउट’ जैसी फिल्में बनाने वाले डायरेक्टर उमेश शुक्ला ने इस बार बड़े सितारों को छोडक़र युवाओं पर भरोसा जताया है। ‘हीर एक्सप्रेस’ के जरिए उन्होंने परिवार के साथ देखने लायक बेहद ही साफ-सुथरी फिल्म बनाई है।
यह है इस फिल्म की कहानी
इस फिल्म की कहानी एक हीर नाम की लडक़ी की है। हीर को उसके दो मामाओं ने बड़ा किया है और वो उन दोनों से बहुत प्यार करती है। हीर खाना बहुत अच्छा बनाती है। हीर के इसी टैलेंट को वो दुनिया तक लेकर जाना चाहती है। यही उसकी मां का भी सपना था और हीर उसी सपने को पूरा करना चाहती है। इसी बीच हीर लंदन जाती है और वहां प्रीत के किरदार से मिलती है। दोनों में प्यार हो जाता है और फिर कहानी में एंट्री होती है आशुतोष राणा के किरदार की। इसके बाद कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट आता है।