राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर देशभर में बड़े स्तर पर युवा सहभागिता कार्यक्रम ‘खेलो इंडिया डायलॉग–खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ का आयोजन 27 अगस्त को किया जाएगा। इस पहल के तहत देशभर के 1,500 से अधिक स्थानों पर युवा, खिलाड़ी और शैक्षणिक संस्थान एक साथ जुड़ेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवा उभरते खिलाड़ियों को खेल, युवा नेतृत्व और विकसित भारत के विषय पर संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम युवाओं को भारत के खेल और युवा पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य को लेकर अपने विचार, सुझाव और नवाचार साझा करने के लिए सीधा मंच उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों सहित 1,500 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी होगी।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद सभी भाग लेने वाले स्थानों पर स्थानीय कार्यक्रम एक साथ शुरू होंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं और जमीनी अनुभवों को नीति-निर्माण से जोड़ना है।
चार प्रमुख विषयों पर होगी चर्चा
कार्यक्रम में युवा प्रतिभागी चार प्रमुख विषयों पर विचार और सुझाव साझा करेंगे। इनमें खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं, कोचिंग तथा अवसरों का विस्तार, 2036 ओलंपिक के लिए वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों का विकास, शासन में युवाओं के नेतृत्व और भागीदारी को बढ़ावा देना तथा युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण के अवसरों से सशक्त बनाना शामिल है।
दिग्गज खिलाड़ियों से सीधा संवाद करेंगे युवा
कार्यक्रम की एक प्रमुख विशेषता खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं और प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों एवं पदक विजेताओं के बीच सीधा संवाद होगा।
दीपा करमाकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पी.टी. उषा सहित कई प्रमुख खिलाड़ी युवाओं से संवाद करेंगे। प्रमुख क्रिकेटर भी इस पहल में भाग लेंगे और अपनी खेल यात्रा, चुनौतियों तथा अनुभवों को युवाओं के साथ साझा करेंगे।
सांसद और मंत्री भी युवाओं से लेंगे सुझाव
इस पहल में खिलाड़ियों के साथ-साथ सांसद, विधायक, केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री और राज्य खेल मंत्री भी युवाओं के साथ संवाद करेंगे। वे खेल और युवा विकास से जुड़े चार प्रमुख विषयों पर युवाओं के विचार और सुझाव जानेंगे।
कार्यक्रम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा युवाओं को MY Bharat Portal पर पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि एक दिवसीय कार्यक्रम के बाद भी युवाओं की भागीदारी जारी रह सके।
‘खेलो इंडिया डायलॉग–खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ का उद्देश्य यह संदेश मजबूत करना है कि भारत में खेलों का परिवर्तन युवाओं की भागीदारी से ही संभव है। पहल के माध्यम से युवाओं की आकांक्षाओं, खिलाड़ियों के अनुभवों और नीति-निर्माण से जुड़े विचारों को एक साझा मंच पर लाकर खेल और युवा विकास के भविष्य को आकार देने में युवाओं को सार्थक भूमिका देने का प्रयास किया जाएगा।