कांगड़ा : कांग्रेस पार्टी का संगठन मजबूत हो सशक्त हो, धरातल पर काम करने वाले सच्चे कार्यकर्ता की पहचान हो और पार्टी में उस कार्यकर्ता को उचित सम्मान मिले, संगठन की मजबूती के लिए यह अत्यंत आवश्यक है। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा के गुप्त गंगा में कांग्रेस पार्टी के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान कही। उनके साथ आयुष युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर सिंह गोमा और हिमाचल पथ परिवहन निगम की उपाध्यक्ष अजय वर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ता ही पार्टी की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनते हैं और उनकी वैचारिक दृढ़ता से ही संगठन मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात देश ने जिस तीव्र गति से विकास किया और अंतरिक्ष तक अपनी पहचान बनाई, वह कांग्रेस की दूरदर्शी नीतियों और नेतृत्व का परिणाम है। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन-तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करें और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने बूथ स्तर की राजनीति को मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी को बढ़ाने का सभी से आह्वान किया।
शिमला में मौसम खराब धर्मशाला में रुके सीएम
गगल — मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला जाना था, लेकिन खराब मौसम होने के कारण उनके चौपर को गगल हवाई अड्डे पर ही रोक दिया गया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण सिविल हवाई अड्डा गगल के निदेशक अमित सकलानी ने बताया कि शिमला में मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का चौपर गगल हवाई अड्डे पर ही रोक दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू धर्मशाला चले गए।