हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सरकारी स्कूलों को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को निर्देश दिया कि प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) में स्कूलों को गोद लेने, निरीक्षण के लिए उनके दौरे और उसके बाद की रिपोर्ट का ब्योरा शामिल किया जाये। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में स्कूलों के सुधार की पहल के प्रति अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ेगी।
रस्तोगी ने कहा कि इस नयी व्यवस्था से अधिकारियों को अपने गोद लिए गए स्कूलों की कार्यप्रणाली पर सक्रिय रूप से नजर रखने, विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत करने तथा उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्य सचिव ने वरिष्ठ अधिकारियों और उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए स्कूलों को गोद लेने की पहल और हर महीने स्कूलों के दौरे की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि वर्तमान वर्ष के लिए एसीआर प्रपत्रों में एक अलग स्तंभ जोड़ा जाए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस स्तंभ में अधिकारी द्वारा गोद लिए गए स्कूल का नाम, उसके द्वारा किए गए दौरों की संख्या और निरीक्षण का विवरण दर्ज किया जाएगा। अधिकारियों को अपनी वार्षिक स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट के साथ स्कूल निरीक्षण की रिपोर्ट भी संलग्न करनी होगी। उन्होंने एसीआर के प्रारूप में प्रस्तावित बदलावों को लागू करने के लिए सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागों को निर्देश जारी करने को कहा। मुख्य सचिव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्कूलों के दौरों को अधिक सार्थक बनाना है। उन्होंने कहा कि इसके तहत अधिकारियों को नियमित निरीक्षण से आगे बढ़कर स्कूलों के शैक्षणिक माहौल और उपलब्ध बुनियादी ढांचे का स्वयं आकलन करने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा।