नई दिल्ली(एजेंसी) : स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति गी पार्मेलॉ आज ग्रेटर नोएडा के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा करेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है।
सुबह 11:30 बजे पहुंचेंगे, करीब दो घंटे रहेंगे
जानकारी के मुताबिक, स्विस राष्ट्रपति करीब सुबह 11:30 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और लगभग दो घंटे जेवर में रुकेंगे। इस दौरान वे एयरपोर्ट की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। खास तौर पर उन्हें कार्गो टर्मिनल की सुविधाओं और संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। एयरपोर्ट प्रबंधन ने उनके दौरे को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वे दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं।
एक्सप्रेसवे पर कड़ी सुरक्षा, भारी वाहनों पर नो एंट्री
दौरे को देखते हुए एक्सप्रेसवे और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा कारणों से एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों के आवागमन पर नो एंट्री लागू की गई है। दिल्ली से जेवर तक संभावित मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। यातायात को सुचारू रखने के लिए बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम वाहन चालकों को परेशानी न हो, इसके लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे रूट की लगातार निगरानी कर रही हैं।
भारत-स्विट्ज़रलैंड संबंधों के लिए महत्वपूर्ण दौरा
स्विस राष्ट्रपति का यह दौरा भारत और स्विट्ज़रलैंड के बीच बढ़ते आर्थिक, कारोबारी और तकनीकी संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूरे एनसीआर के लिए बड़े अंतरराष्ट्रीय एविएशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। विदेशी राष्ट्राध्यक्ष का दौरा इसके अंतरराष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करता है। दौरे के दौरान उन्हें यात्री सुविधाओं, कार्गो संचालन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से ज्यूरिख एयरपोर्ट से संभावित हवाई संपर्क को लेकर भी इस दौरे को अहम माना जा रहा है। ज्यूरिख और नोएडा के बीच सीधा संपर्क दोनों देशों के बीच कारोबार, निवेश, पर्यटन और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा दे सकता है।ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। एयरपोर्ट परिसर से लेकर संभावित सड़क मार्ग तक चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाएगा।