अमेरिका के सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भारतीय सशस्त्र बलों के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान देश के प्रति उनकी सेवा, बलिदान और समर्पण को सम्मानित किया गया। 12 जुलाई (स्थानीय समय) को आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रेटर सिएटल क्षेत्र में रहने वाले भारतीय पूर्व सैनिक और उनके परिवार शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भारतीय दूतावास के सहयोग से किया।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों की सैन्य सेवा के साथ-साथ सेवानिवृत्ति के बाद समाज में उनके योगदान को भी सराहा गया। आयोजकों ने कहा कि वे युवाओं का मार्गदर्शन करने, समाज को जोड़ने और देशभक्ति की भावना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि पूर्व सैनिकों की सेवा वर्दी तक सीमित नहीं रहती, बल्कि वे समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त कमांडेंट अनुराग डेवी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय मिशन द्वारा पूर्व सैनिकों को एक मंच पर लाना और उनका सम्मान करना सराहनीय कदम है। आयोजन समिति के एक सदस्य ने कहा कि इस कार्यक्रम का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने पूर्व सैनिकों को सम्मान देने की इस पहल को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में शामिल एक पूर्व सैनिक ने कहा कि इस तरह के आयोजन से विदेश में रहने वाले भारतीयों के बीच अपनापन और एकजुटता की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय सशस्त्र बलों के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के राष्ट्र के प्रति आजीवन योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया।