चंडीगढ़ : दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ की अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक राष्ट्रीय मेगा रैली की शानदार सफलता पर हरियाणा के AICC प्रभारी संजय दत्त एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, AICC महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी, AICC महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल जी, समस्त राष्ट्रीय नेतृत्व तथा INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से हरियाणा के सभी जिलों से भारी संख्या में रामलीला मैदान पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, सांसदों, विधायकों, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा कांग्रेस परिवार की एकजुटता, अनुशासन, समर्पण और संघर्ष का जज्बा इस ऐतिहासिक रैली की सफलता में निर्णायक रहा। संजय दत्त एवं राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब भाजपा के अहंकार, सत्ता के दुरुपयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगातार हो रहे हमलों के खिलाफ देश की जनता के आक्रोश और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। इस रैली ने स्पष्ट संदेश दिया है कि देश की जनता अपने मताधिकार, संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान से उठी लोकतंत्र बचाने की यह आवाज अब हरियाणा के गांव-गांव, गली-गली और बूथ-बूथ तक पहुंचेगी। कांग्रेस पार्टी इस संघर्ष को केवल रैलियों और सभाओं तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे व्यापक जनभागीदारी वाले जनआंदोलन का रूप देगी।
इसी संकल्प के साथ कांग्रेस पार्टी 3 नवंबर से 25 नवंबर तक प्रदेशभर में तीसरे चरण के अंतर्गत ‘वोट बचाओ–देश बचाओ चौपाल’ अभियान* चलाएगी। इस प्रदेशव्यापी अभियान का शुभारंभ 3 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विधानसभा क्षेत्र लाडवा से किया जाएगा। AICC प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह अभियान प्रदेश के प्रत्येक जिले, ब्लॉक, गांव और बूथ तक पहुंचाया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को उसके संवैधानिक मताधिकार के प्रति जागरूक करना, मतदाता सूचियों की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना तथा प्रत्येक पात्र मतदाता के वोट की सुरक्षा के लिए मजबूत संगठनात्मक एवं जनआंदोलनात्मक तंत्र खड़ा करना है।
अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में गांव-गांव चौपालों का आयोजन कर आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही निम्नलिखित कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे :
- मतदाता सूची का सत्यापन : BLA एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ स्तर पर मतदाता सूचियों की जांच और पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय पहल।
- वोट रक्षक अभियान : प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करते हुए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित टीमों का गठन एवं सक्रियता।
- शिकायत एवं दस्तावेज संकलन : मतदाता सूची से नाम हटाए जाने, नाम दर्ज न होने अथवा अन्य अनियमितताओं से प्रभावित नागरिकों की शिकायतों एवं संबंधित दस्तावेजों का संकलन तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई में सहयोग।
- संगठनात्मक मजबूती : जिला एवं ब्लॉक स्तर पर समीक्षा बैठकें, कार्यकर्ताओं का समन्वय तथा बूथ स्तर तक जवाबदेही और जिम्मेदारी सुनिश्चित करना।
- संवैधानिक जागरूकता : भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सामूहिक पाठ, उसके महत्व पर चर्चा तथा प्रत्येक नागरिक को सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार के संवैधानिक अधिकार के प्रति जागरूक करना।
- जनसंवाद एवं जनजागरण : गांवों और चौपालों में सभाओं, बैठकों एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की स्वतंत्रता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना।
संजय दत्त एवं राव नरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा को देश की जनता के मताधिकार से जुड़े गंभीर सवालों का जवाब देना होगा। मतदाता सूचियों की शुचिता, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और निर्वाचन आयोग की स्वतंत्र एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली लोकतंत्र की बुनियादी शर्तें हैं। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों पर जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी और हर पात्र मतदाता के वोट की रक्षा के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करेगी।
उन्होंने हरियाणा कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता से आह्वान किया कि वे इस अभियान को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी एवं सामूहिक संकल्प मानकर पूरी ऊर्जा, एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि यह केवल किसी राजनीतिक दल का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार, संविधान की गरिमा और देश के भविष्य की रक्षा का संघर्ष है।
रामलीला मैदान से शुरू हुई यह हुंकार अब हरियाणा की चौपालों तक पहुंचेगी। कांग्रेस का हर साथी बनेगा ‘वोट रक्षक’।
न किसी पात्र मतदाता का वोट कटने देंगे, न किसी के वोट के अधिकार के साथ खिलवाड़ होने देंगे, न संविधान को झुकने देंगे और न लोकतंत्र को कमजोर होने देंगे!
- वोट जनता का अधिकार है, भाजपा की जागीर नहीं!
- वोट बचेगा, लोकतंत्र बचेगा ; लोकतंत्र बचेगा, देश बचेगा!