प्रयागराज : नीट, सीबीएसई समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और रोजगार के मुद्दों को लेकर कांग्रेस एक बार फिर छात्रों के बीच बड़ा राजनीतिक अभियान शुरू करने जा रही है। इसी कड़ी में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित केपी ग्राउंड में आयोजित 'छात्र संवाद' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस कार्यक्रम में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा हिस्सा लेंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने शनिवार को बताया कि राहुल गांधी छात्रों से सीधे संवाद कर शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक, बढ़ती शैक्षणिक लागत, छात्रवृत्ति, विश्वविद्यालयों के माहौल और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम के लिए डेढ़ लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है। कांग्रेस के अनुसार, 'छात्रों की गूंज' अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से हुई थी। इसके दूसरे चरण का आयोजन 17 जुलाई को देहरादून में किया गया। तीसरे चरण के तहत पहले 9 अगस्त को दिल्ली में कार्यक्रम प्रस्तावित था लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद अब यह आयोजन 8 अगस्त को प्रयागराज में कराया जाएगा। पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम में प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों से छात्र शामिल होंगे। कांग्रेस इसे युवाओं से सीधे संवाद और उनके मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की पहल के रूप में पेश कर रही है।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस संगठन ने व्यापक स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी की एक विशेष टीम ने हाल के दिनों में प्रयागराज में संभावित आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया था। बाद में केपी ग्राउंड को कार्यक्रम स्थल के रूप में अंतिम रूप दिया गया। कांग्रेस की तरफ से बताया कि रविवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय प्रयागराज पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
पार्टी का लक्ष्य कार्यक्रम को बड़े जनसमर्थन के साथ आयोजित कर शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरना है। कांग्रेस का मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के प्रमुख केंद्र प्रयागराज से उठने वाली आवाज राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक राजनीतिक संदेश देगी।