ऑस्ट्रेलिया का सफल दौरा पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए। यात्रा समाप्त होने पर पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज, उनकी सरकार और जनता की गर्मजोशी के लिए आभार व्यक्त किया।पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इस यात्रा ने हमारी साझेदारी को और मजबूत किया है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा:
“मेरी ऑस्ट्रेलिया यात्रा समाप्त हुई। मैं प्रधानमंत्री अल्बानीज, ऑस्ट्रेलिया की सरकार और लोगों को उनकी गर्मजोशी के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। इस यात्रा के परिणामों ने हमारी साझेदारी को और मजबूत किया है और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खोले हैं। आने वाले समय में इस गति से हमारे देश और पूरी दुनिया को लाभ होगा।”
खेल को दी विशेष अहमियत
दौरे के दौरान पीएम मोदी और अल्बानीज ने मशहूर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) का दौरा किया और वहां सेल्फी भी ली। पीएम मोदी ने MCG की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि खेल भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी का एक अहम हिस्सा है, जो दोनों देशों के लोगों को जुनून और आपसी सम्मान से करीब लाता है।
उन्होंने युवा खिलाड़ियों के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी पोस्ट कीं और कहा कि बच्चों को क्रिकेट, कबड्डी और ऑस्ट्रेलियन रूल्स फुटबॉल खेलते देखना बहुत खुशी का अनुभव था।खेल साझेदारी का नया रोडमैपविदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप लॉन्च किया।
इस रोडमैप में शामिल प्रमुख बातें:
– अधिक खेल आदान-प्रदान
– युवाओं का जुड़ाव
– खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और टैलेंट डेवलपमेंट में सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने उल्लेख किया कि 2030 में भारत कॉमनवेल्थ गेम्स और 2032 में ऑस्ट्रेलिया ओलंपिक की मेजबानी करने जा रहा है, जिससे अगले दशक में दोनों देशों के बीच खेल संबंध और मजबूत होंगे। यह यात्रा न केवल आर्थिक और रणनीतिक सहयोग बल्कि लोगों के बीच सांस्कृतिक और खेल संबंधों को नई ऊंचाई देने वाली साबित हुई है।