पलवल : हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने नगर परिषद पलवल के वार्ड नंबर-12 स्थित ताऊ देवीलाल टाउन पार्क में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक ‘एस्पिरेशनल टॉयलेट’ का उद्घाटन किया। भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार के संयुक्त वित्तीय सहयोग से विकसित यह परियोजना स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार की गई है। स्वच्छता, सुरक्षा और सम्मान के उच्च मानकों पर आधारित है परियोजना खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल शौचालयों का निर्माण करना नहीं, बल्कि ऐसे सार्वजनिक स्वच्छता परिसरों का विकास करना है जो स्वच्छता, सुरक्षा, सुविधा और सम्मान के उच्च मानकों पर खरे उतरें। उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, ट्रांसजेंडर समुदाय एवं दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुरक्षित और समावेशी वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सभी वर्गों के लिए अलग-अलग सुविधाएं, बेबी केयर रूम व स्टोर रूम भी शामिल
उन्होंने बताया कि इस आधुनिक सार्वजनिक शौचालय परिसर में पुरुषों, महिलाओं, ट्रांसजेंडर व्यक्तियों तथा दिव्यांगजनों के लिए पृथक शौचालयों की व्यवस्था की गई है। साथ ही माताओं एवं छोटे बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बेबी केयर रूम तथा साफ-सफाई एवं रखरखाव सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए स्टोर रूम का भी निर्माण किया गया है।
स्वच्छ शहर के निर्माण में जनसहभागिता की भूमिका महत्वपूर्ण
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि एस्पिरेशनल टॉयलेट जैसी सुविधाएं खुले में मूत्र त्याग जैसी अस्वास्थ्यकर प्रवृत्तियों को कम करने, सार्वजनिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा ओडीएफ प्लस जैसे स्वच्छता मानकों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यह सुविधा आमजन के लिए है। इसलिए वे इस सुविधा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, इसकी स्वच्छता बनाए रखें तथा इसे सार्वजनिक संपत्ति मानकर इसकी सुरक्षा करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए पृथक सुविधाएं, बच्चों की देखभाल के लिए विशेष स्थान, ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए सम्मानजनक प्रावधान तथा दिव्यांगजनों के लिए सुगम पहुंच जैसी व्यवस्थाएं इस परियोजना को एक आदर्श सार्वजनिक स्वच्छता मॉडल बनाती हैं। जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से ही ऐसी जनहितकारी परियोजनाओं का व्यापक लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि यह परियोजना नागरिक सुविधा, स्वच्छता संवर्धन एवं समावेशी शहरी अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित शहर के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, नगर परिषद के एसडीओ बिजेंद्र और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।