चंडीगढ़ : हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि 2 नवंबर को पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाला जनप्रतिनिधि सम्मेलन लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान के प्रति प्रतिबद्धता और विधायी संस्थाओं की गरिमा को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सम्मेलन में प्रदेश के वर्तमान और पूर्व विधायक एक मंच पर एकत्रित होकर विधायी संस्थाओं की भूमिका, जनप्रतिनिधियों के दायित्वों और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। विस अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संविधान ने जनप्रतिनिधियों को जनआकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों के बीच आपस में संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान संसदीय परंपराओं को और समृद्ध करने के साथ-साथ जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि इस दिशा में सम्मेलन में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का मार्गदर्शन मिलना सभी जनप्रतिनिधियों के लिए गौरव का विषय है। उनके अनुभव और विचार विधायी कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक परंपराओं तथा जनप्रतिनिधियों की भूमिका के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक विमर्श को दिशा देंगे।