गगल हवाई अड्डा पर समर सीजन के चलते यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गगल एयरपोर्ट आने वाले समय में दिल्ली और चंडीगढ़ के अलावा उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित जेवर एयरपोर्ट से भी जुड़ सकता है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण सिविल हवाई अड्डा गगल के निदेशक अमित सकलानी ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट से गगल एयरपोर्ट के लिए एक विमान सेवा शुरू किए जाने की संभावना है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा इस संभावित विमान सेवा के शेड्यूल को मंजूरी भी प्रदान कर दी गई है।
इससे यात्रियों को नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से सीधे गगल तक हवाई सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। वर्तमान समय में इंडिगो एयरलाइंस, स्पाइस जेट और एलाइंस एयर गगल हवाई अड्डे पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। इंडिगो एयरलाइंस दिल्ली और चंडीगढ़ से तीन नियमित उड़ानें संचालित कर रही है, जबकि स्पाइस जेट दिल्ली से चार विमान सेवाएं गगल एयरपोर्ट तक चला रही है। एलाइंस एयर ने शिमला से गगल के लिए अपनी विमान सेवा शुरू की है।
पर्यटन को मिलेगा रफ्तार
वर्तमान में रोजाना लगभग आठ विमान सेवाएं गगल हवाई अड्डे पर आ-जा रही हैं। लगातार बढ़ रही यात्री संख्या को देखते हुए आने वाले दिनों में और अधिक उड़ानों की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय लोगों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि जेवर एयरपोर्ट से सीधी उड़ान शुरू होती है तो उत्तर भारत के यात्रियों के लिए हिमाचल पहुंचना और भी आसान हो जाएगा।