आरा। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘वोट चोरी’ को देशवासियों के अधिकार और भविष्य की भी चोरी बताते हुए कहा कि बिहार से शुरू हुई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की क्रांति अब पूरे देश में फैलने जा रही है। राहुल गांधी ने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के 14वें दिन बिहार के आरा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के साथ-साथ महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव भी चोरी किए। उन्होंने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर ) का ज़िक्र करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन बिहार में वोट चोरी नहीं होने देगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि बिहार से क्रांति शुरू होती है और जनता ने दिखाया कि इस बार भी बिहार से ही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की क्रांति शुरू हुई और अब यह पूरे देश में फैलने जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि यह सरकार पब्लिक सेक्टर का निजीकरण करके और अग्निवीर जैसी योजनाएं लाकर युवाओं से अवसर छीन रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी की सरकार अडानी-अंबानी की सरकार है। इसीलिए वह चाहती है कि गरीबों की आवाज़ देश में न सुनी जाए। लेकिन इंडिया गठबंधन ऐसा नहीं होने देगा। पूरे देश में गरीबों की आवाज़ गूंजेगी और सुनी जाएगी। बिहार में एक वोट भी चोरी नहीं होने दिया जाएगा।