मोहाली : मोहाली के जीरकपुर में पारिवारिक विवाद के बाद 17 वर्षीय युवक ने होटल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तारों में फंसने के कारण युवक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल युवक की पहचान बिहार के पटना निवासी जशुआ हांसदा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह पिछले करीब 5 साल से जीरकपुर के एक होटल में काम कर रहा था। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे उसकी अपनी बहन से फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान बहन ने उसे अपना भाई मानने से इनकार करते हुए कहा कि वह उनके खून का नहीं है।
इस बात से आहत होकर युवक तनाव में आ गया। कुछ समय बाद उसने होटल की तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। इस दौरान वह नीचे से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तारों में जा गिरा। करंट लगने से उसके शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।