डेराबस्सी : पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयासों के तहत हलका डेराबस्सी के पांच गांवों में कुल 50 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत करवाई गई। इन कार्यों का शुभारंभ हलका विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने किया।
इसके तहत गांव दफरपुर में 10 लाख रुपये की लागत से श्मशानघाट की चारदीवारी, गांव हैबतपुर में 10 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियम के विकास कार्य, गांव खेड़ी गुज्जरां में 10 लाख रुपये की लागत से गलियों और नालियों के निर्माण कार्य, गांव बिजनपुर में 10 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियम के विकास कार्य तथा गांव जवाहरपुर में 10 लाख रुपये की लागत से गलियों और नालियों के विकास कार्य शुरू करवाए गए।
इस मौके पर विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार गांवों के विकास को शहरों के विकास के बराबर प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य केवल बड़े प्रोजेक्टों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि गांवों की रोजमर्रा की बुनियादी जरूरतों जैसे गलियों, नालियों, खेल मैदानों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को भी बेहतर बनाना है, ताकि आम लोगों को अपने ही गांवों में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि खेल स्टेडियमों के विकास से युवाओं को खेलों के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे और वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। इसी तरह गलियों और नालियों के निर्माण से लोगों को रोजमर्रा के आवागमन और सफाई संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी, जबकि श्मशानघाट की चारदीवारी का कार्य गांव की एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक जरूरत को पूरा करेगा।
विधायक ने कहा कि हलका डेराबस्सी के प्रत्येक गांव की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। लोगों द्वारा उठाई जाने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाना और विकास कार्यों को जमीनी स्तर पर लागू करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पंजाब सरकार के नेतृत्व में हलके में विकास कार्यों का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
इस मौके पर सरपंच राजवंत कौर, जसविंदर कौर, कृष्ण लाल, सुशील कुमार, गुरप्रीत सिंह, ब्लॉक समिति सदस्य मुकेश कमल, आप नेता अशोक कुमार की पत्नी राज रानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।