धूरी/शेरपुर : पंजाब सरकार की पहल के तहत चलाई जा रही ‘स्वस्थ आंखें, खुशहाल पंजाब’ मुहिम के अंतर्गत आज गांव घनौरी कलां में आंखों की मुफ्त जांच के लिए चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने किया।
शंकरा आई अस्पताल, लुधियाना के सहयोग से आयोजित इस शिविर के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की आंखों की मुफ्त जांच की और आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके अतिरिक्त मरीजों को मुफ्त दवाइयां और चश्मे उपलब्ध करवाने के साथ-साथ जरूरतमंद नेत्र रोगियों के ऑपरेशन की सुविधा भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और ‘रंगला पंजाब, स्वस्थ पंजाब’ के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आंखें हमारे जीवन का अनमोल अंग हैं और समय-समय पर आंखों की जांच करवाने से कई समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनका उपचार संभव हो सकता है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे ऐसे मुफ्त चिकित्सा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।
शिविर के दौरान क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करवाई और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।