मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद की फिल्म ‘फतेह’ रिलीज हो गई है। इस फिल्म के साथ ही सोनू सूद ने बड़े पर्दे पर जोरदार वापसी की है। उनकी इस फिल्म में जैकलीन फर्नांडिस भी लीड रोल में नजर आ रही हैं। फिल्म फतेह साइबर क्राइम जैसे गंभीर मुद्दे को लेकर बनी है। इस फिल्म में सोनू सूद एक एक्शन हीरो के रूप में नजर आए हैं। ओपनिंग डे पर फिल्म के टिकट की कीमत मात्र 99 रुपए रखी गई थी। अब कमाई के आंकड़े भी सामने आ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म में पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर करीब 3 करोड़ रुपए का बिजनेस किया है।
क्या है फतेह की कहानी ?
फिल्म की कहानी है पंजाब के मोगा में रहने वाले फतेह (सोनू सूद) की, जो अपने गांव में एक डेयरी फार्म चलाता है। सादा जीवन जीने वाला और गांव वालों का मददगार ‘फतेह’ अतीत में एक स्पेशल टास्क फोर्स का जांबाज अफसर था। लेकिन सरकार द्वारा उनके टास्क फोर्स को बंद किए जाने के बाद अब वह सादगी भरी जिंदगी जी रहा है। मगर एक दिन जब उसकी बहन जैसी मासूम निमरत (शिव ज्योति राजपूत) साइबर क्राइम के जाल में फंस जाती है, तो उसके जरिए फतेह को पता चलता है कि उसके देश के अनगिनत लोग साइबर अपराध के चंगुल में फंसकर अपनी जान देने पर मजबूर हो गए हैं।
वो विजय राज, नसीरद्दीन शाह, दिब्येंदु भट्टाचार्य जैसे खूंखार और शातिर मुजरिमों का पर्दाफाश करने के लिए अतीत में लौटने को मजबूर हो जाता है। उसकी इस खूनी जंग में उसका साथ हैकिंग एक्सपर्ट खुशी (जैकलीन फर्नांडिस) भी देती है। निमरत पर आई मुसीबत से उसे बचाने के चक्कर में फतेह साइबर फ्रॉड के ऐसे जाल में फंसता है, जहां से उसका जिंदा लौट पाना बहुत मश्किल है। फतेह कैसे इस मिशन को सक्सेसफुल कर पाता है ये जानने के लिए आपको पूरी फिल्म देखनी होगी।
कैसा है अभिनय?
फिल्म में सोनू सूद एक एक्शन हीरो का रोल निभा रहे हैं। ये फिल्म खूब मारधाड़ और खून खराबे से भरी है। फिल्म में ढेर सारा एक्शन देखने को मिलता है। फिल्म की एक्शन कोरियोग्राफी काफी अच्छी है। सोनू के एक्शन सीक्वेंस में होने वाले खून खराबे में कमजोर दिल वाले लोग शायद न देख पाएं। लेकिन अगर आपने हिम्मत करके इन्हें देख लिया तो सही थ्रिल मिलेगा। यही फिल्म का बेस्ट पार्ट है। फतेह सिंह का किरदार एक्शन के साथ साथ सोनू सूद की परफॉरमेंस में अच्छी है। उनके साथ फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और विजय राज जैसे बेहतरीन एक्टर्स हैं। दोनों ने अपने विलेन के रोल को अच्छे से निभाया है। निमरत के रोल में एक्ट्रेस शिवज्योति राजपूत का काम भी अच्छा है। हालांकि जैकलिन फर्नांडिस फिल्म की कमजोर कड़ियों में से एक हैं। फिल्म के दौरान उनकी बातों को समझ पाना काफी मुश्किल है। इसके बावजूद उन्होंने अपने रोल को निभा लिया है।
फिल्म की कहानी काफी सिंपल है, लेकिन इसका स्क्रीनप्ले ढीला है। सोनू सूद ने फिल्म में लीड रोल के साथ साथ निर्देशन भी किया है। अगर आपको एक्शन फिल्में पसंद हैं तो एक बार आप फतेह को जरूर देख सकते हैं।