नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने हमला कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय मुख्यमंत्री गुप्ता आम लोगों की शिकायतें सुन रहीं थीं। एक शख्स भी अपनी शिकायत लेकर वहां पहुंचा और उसने रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया। उसके इस हमले की वजह का फिलहाल पता नहीं चला है। पुलिस हमलावर शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शुरुआती जानकारी में पता चला कि आरोपी शख्स ने सीएम गुप्ता को कथित रूप से थप्पड़ जड़ने से पहले उनका हाथ भी अपनी तरफ खींचा था। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी शख्स को हिरासत में ले लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस हमले के बाद अब सीएम रेखा गुप्ता की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी शख्स की पहचान राजेश भाई खिमजी के रूप में की गई है। वो गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। इस घटना को लेकर सीएम ऑफिस की ओर से बयान जारी किया गया है। इस बयान में कहा गया है कि जनसुनवाई के दौरान हमला किया गया। डीसीपी और स्पेशल सेल मौके पर आई। मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई है।
चश्मदीद सुरेश खंडेलवाल ने कहा, हम यहां लगभग 8 बजे के आसपास आए थे। हम आए हैं उतनी देर में मैडम आई हैं। उन्होंने जनसुनवाई शुरू की। इतनी देर में एकदम वो शख्स हमला करने की ताक में था और उसने हमला किया। यह हमला 8:05 या 8:10 पर हुआ। खंडेलवाल ने कहा, पुलिस आरोपी को ले गई। अंजलि ने कहा, देखिए पहली बात तो यह बहुत गलत हुआ है। जनता सुनवाई में सभी का हक है। इसमें कोई आकर उनको थप्पड़ मार सकता है तो यह बहुत बड़ी बात है। हमला कैसे हुआ इस पर उन्होंने कहा, वो अपनी कोई बात बता रहे थे और उसी बीच उन्होंने सीएम पर हमला कर दिया। पुलिस उसको फौरन ले गई।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है।” उन्होंने कहा “उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस, दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।”