राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पूर्व विधायक अनिल सहनी (Anil Sahni) बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। पूर्व सांसद सहनी को तीन वर्ष पहले केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एक अदालत ने धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी ठहराया था।
सीबीआई अदालत ने ठहराया था दोषी
अनिल सहनी को भाजपा में शामिल किए जाने की घोषणा पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में की गई, जहां केंद्रीय मंत्री और बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान तथा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े मौजूद थे। बता दें कि दिल्ली में सीबीआई अदालत ने सहनी को वर्ष 2012 में कथित रूप से जाली हवाई टिकट जमा करने के आरोप में दोषी पाया था। उस समय वे राज्यसभा सदस्य थे और उन्होंने यात्रा किए बिना ही एलटीसी (यात्रा संबंधी रियायत) का लाभ उठाया था। सहनी का भाजपा में शामिल होना पार्टी द्वारा ‘निषाद' समुदाय तक अपनी पहुंच बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। इस अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) समुदाय की उनके गृह जिले मुजफ्फरपुर में अच्छीखासी आबादी है।
अनिल सहनी ने 2020 के विधानसभा चुनाव में कुढ़नी सीट से भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता को लगभग 900 वोटों के अंतर से हराया था। बाद में सहनी की सदस्यता रद्द होने के बाद हुए उपचुनाव में गुप्ता ने यह सीट जीत ली और राज्य सरकार में मंत्री बने। वहीं, राजद ने अनिल सहनी को विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों में शामिल किया था।