डेराबस्सी : पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हलका विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने स्कूल ऑफ एमिनेंस डेराबस्सी में समग्र शिक्षा अभियान के तहत 24 लाख रुपये की लागत से फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की तीन लैबों के काम की शुरुआत करवाई।
विधायक रंधावा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की तरक्की की नींव है। पंजाब सरकार द्वारा स्कूल ऑफ एमिनेंस की पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, आधुनिक बुनियादी ढांचा और अपने सपनों को पूरा करने के अवसर प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन साइंस लैबों से विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल शिक्षा प्राप्त करने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने में मदद मिलेगी।
शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में स्कूली शिक्षा के बुनियादी ढांचे में सुधार, आधुनिक तकनीक के उपयोग और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों को बेहतर सुविधाओं से लैस करना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ऐसे विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर नगर परिषद डेराबस्सी के अध्यक्ष श्री आशु उपनेजा, पार्षद श्री नरेश उपनेजा, स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती सुनीता शर्मा, स्कूल का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।