मुंबई। NCP नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में शामिल आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। मुंबई क्राइम ब्रांच के एक बड़े अधिकारी ने बताया कि पूछताछ और तथ्यों की जांच के दौरान उन्हें पता चला कि जिन हत्यारों ने बाबा सिद्दीकी की हत्या की थी, उनकी हिट लिस्ट में जीशान सिद्दीकी के साथ-साथ बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का भी नाम था। आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि लॉरेंस बिश्नोई की हिट लिस्ट में सलमान खान का नाम भी था, लेकिन कड़ी सुरक्षा के चलते शूटर सलमान खान तक नहीं पहुंच पाए।
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी खुलासा किया है कि आरोपी जब सलमान खान पर हमला करने में असफल रहे तो उन्होंने अपना पूरा ध्यान बाबा सिद्दीकी और उनके बेटे जीशान सिद्दीकी पर केंद्रित कर दिया। 12 अक्तूबर को वे बाबा सिद्दीकी की हत्या करने में सफल रहे, लेकिन जीशान बाल-बाल बच गए, क्योंकि वह हत्या से कुछ मिनट पहले ही अपने कार्यालय से निकल गए थे।
एक अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान हमें जिस तरह की जानकारियां मिली हैं, वह इस ओर इशारा करती हैं कि आरोपियों ने सलमान खान के घर की एक बार रेकी की थी। तब उन्होंने देखा कि सलमान खान के घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। इसके अलावा उन्होंने यह भी पाया कि सलमान खान अपनी बिल्डिंग के अंदर से ही अपनी गाड़ी में बैठकर बाहर निकलते हैं, जिसकी वजह से उनके पास जाना नामुमकिन है। इसके बाद आरोपियों ने सलमान खान से ध्यान हटाकर बाबा सिद्दीकी पर ध्यान केंद्रित कर दिया।