पॉपुलर टीवी एक्टर सिद्धांत वीर सूर्यवंशी का निधन हो गया है। 46 साल के सिद्धांत को शुक्रवार को मुंबई के जिम में वर्कआउट के दौरान हार्टअटैक आया था। भास्कर के सूत्रों के अनुसार सिद्धांत वर्कआउट करते हुए बेहोश हो गए थे। ट्रेनर और जिम में मौजूद लोगों ने उन्हें होश में लाने की कोशिश की, लेकिन जब उन्होंने रिस्पॉन्स नहीं किया तो तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई थी।एंबुलेंस से सिद्धांत सूर्यवंशी को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया, जहां 1 घंटे के इलाज के बाद डॉक्टर्स ने उन्हें 12:31 पर मृत घोषित कर दिया। वे कुसुम, कसौटी जिंदगी की, कृष्णा-अर्जुन, जमीन से आसमान तक, क्या दिल में है, गृहस्थी जैसे कई टीवी शोज का हिस्सा रहे हैं। आखिरी बार इन्हें जिद्दी दिल माने ना शो में देखा गया था।
सिद्धांत की बॉडी फिलहाल कोकिलाबेन अस्पताल में रखी गई है। अस्पताल वालों ने ही ओशिवारा पुलिस स्टेशन में सिद्धांत के निधन की सूचना दी है। अस्पताल में पूछताछ के बाद पुलिस वन अबव जिम पहुंची जहां उन्हें हार्ट अटैक आया था। फिलहाल उनका ADR नहीं हुआ है। पुलिस ने लीगल प्रोसेस शुरू कर दी है।
12 नवंबर को होगा अंतिम संस्कार
सिद्धांत सूर्यवंशी का अंतिम संस्कार संभवतः कल यानी 12 नवंबर को विले पार्ले में स्थित पवन हंस हैलिपैड के पास हिंदु श्मशान घाट में होगा।
फिटनेस फ्रीक थे, फैंस को मोटिवेट करते थे
सिद्धांत सूर्यवंशी फिटनेस फ्रीक थे। वे रेगुलरली जिम जाया करते थे। वहीं, सोशल मीडिया पर अक्सर अपने वर्कआउट वीडियो शेयर कर फैंस को मोटिवेट करते रहते थे। शुक्रवार को इसी तरह जिम में वर्कआउट के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसने उनकी जान ले ली।
आनंद के नाम से भी फेमस थे सिद्धांत
सिद्धांत वीर सूर्यवंशी का जन्म 15 दिसंबर 1975 को मुबंई में हुआ था। उन्होंने बतौर मॉडल अपने करियर की शुरुआत की थी। सिद्धांत ने सीरियल 'कुसुम' से अपना टीवी डेब्यू किया था। इसके अलावा उन्होंने 'कसौटी जिंदगी की', 'कृष्णा अर्जुन', 'क्या दिल में है' जैसे कई पॉपुलर टीवी शोज में काम किया। सिद्धांत को आनंद सूर्यवंशी के नाम से भी जाना जाता है।
सिद्धांत सूर्यवंशी ने दो शादियां की थीं
सिद्धांत की पर्सनल लाइफ काफी कॉन्ट्रोवर्शियल रही है। उन्होंने दो शादियां की थीं। उन्होंने साल 2000 में पहली शादी इरा सूर्यवंशी से की थी। पहली शादी से सिद्धांत की एक बेटी है। इरा से साल 2015 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद 2017 में उन्होंने मॉडल और फैशन कोरियोग्राफर अलीसिया राउत से दूसरी शादी की। दूसरी शादी के बाद उन्हें एक बेटा हुआ।
अगर आप भी फिटनेस फ्रीक हैं तो इन छह बातों का रखें ध्यान
- ज्यादातर हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर आपको फिटनेस मेंटेन रखना है तो नॉर्मल लेवल की एक्सरसाइज भी काफी है लेकिन हेवी एक्सरसाइज करेंगे तो बॉडी और हार्ट पर नेगेटिव इफेक्ट पड़ने लगता है। इसका कारण यह भी है कि हर किसी का शरीर अलग-अलग होता है। सभी में ज्यादा वर्कआउट की ताकत नहीं होती।
- आजकल यूथ जिम फ्रीक हो गए हैं लेकिन उनकी कई गलतियों से वे दिल संबंधित बीमारियों के शिकार बन जाते हैं। आप घंटों पसीना बहा रहे हैं, वर्कआउट कर रहे हैं, यह काफी नहीं, आप किस तरह की एक्सरसाइज कर रहे हैं, ये बात सबसे अहम है।
- अगर आप ट्रेड मिल या किसी कार्डियो एक्सरसाइज का इस्तेमाल कर रहे हैं तो एक बार में 10 मिनट से ज्यादा वक्त न बिताएं।
- हर कार्डियो एक्सरासाइड के बाद कम से कम 5 मिनट का ब्रेक जरूर लें। इससे हार्ट को रिलैक्स फील होगा।
- डॉक्टर या ट्रेनर की एडवाइस से ही वर्कआउट का समय तय करें। जरूरत से ज्यादा वर्कआउट या एक्सरसाइज खतरनाक हो सकता है।
- वर्कआउट के दौरान अगर छाती के लेफ्ट साइड में दर्द हो तो तुरंत एक्सराइज रोक दें और बिना देर किए डॉक्टर से मिलें।