चंडीगढ़ : किसानों और गन्ना उत्पादकों तक पहुंच बनाते हुए पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री स.गुरमीत सिंह खुड्डियां ने आज भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने यूनियन को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने गन्ने का राज्य सहमत मूल्य (एसएपी) 416 रुपये से बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इस प्रकार इसमें 15 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है, जो देश में सर्वाधिक है।
आज यहां पंजाब सिविल सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई मांगों और मुद्दों को सहानुभूतिपूर्वक सुनते हुए सरदार खुड्डियां ने भरोसा दिलाया कि उनकी प्रत्येक जायज मांग पर पूरी गंभीरता से विचार किया जाएगा और नियमों के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में विचार किए गए मुद्दों के समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं और इनका निपटारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार किसान संगठनों के साथ निरंतर बातचीत और निकट सहयोग के माध्यम से किसानों के हितों की रक्षा करने में पूरा विश्वास रखती है।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा की रीढ़ हैं। पंजाब के किसानों की कड़ी मेहनत और अथक प्रयासों के कारण देश की खाद्यान्न आवश्यकताओं को पूरा करने में राज्य महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाना, उन्हें फसलों का उचित मूल्य दिलाना, कृषि से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान करना और कृषि को आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बनाना मान सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं।
स.खुड्डियां ने दोहराया कि मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार किसानों और गन्ना उत्पादकों के कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की प्रत्येक जायज मांग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके हितों की रक्षा और खुशहाली के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।
बैठक सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक माहौल में संपन्न हुई। इस अवसर पर किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन देने पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री का धन्यवाद किया।
इस बैठक में लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग वर्मा, शुगरफेड की प्रबंध निदेशक श्रीमती सेनू दुग्गल, कृषि विभाग की विशेष सचिव श्रीमती बलदीप कौर, कृषि निदेशक डॉ. गुरजीत सिंह बराड़ और पंजाब के गन्ना आयुक्त श्री करनजीत सिंह सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।