भारत और अमेरिका ने नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में अपने द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने 2-3 नवंबर को नई दिल्ली में ‘भारत-अमेरिका ड्रग पॉलिसी एग्जीक्यूटिव वर्किंग ग्रुप’ की दूसरी बैठक का आयोजन किया।
द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर जोर, सिंथेटिक ड्रग्स और तस्करी नेटवर्क पर फोकस
इस बैठक में दोनों देशों के नीति-निर्माताओं और कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने हिस्सा लिया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व NCB महानिदेशक अनुराग गर्ग ने किया, जबकि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ऑफिस ऑफ नेशनल ड्रग कंट्रोल पॉलिसी (ONDCP) की कार्यवाहक उप-निदेशक डेबी सेगुइन ने किया।
खुफिया साझाकरण और संयुक्त कार्रवाई पर सहमति
‘भारत-अमेरिका ड्रग पॉलिसी फ्रेमवर्क’ के तहत दोनों पक्षों ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए मौजूदा सहयोग की समीक्षा की। बैठक में खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान, कानून प्रवर्तन की संयुक्त कार्रवाई, प्रीकर्सर रसायनों पर नियंत्रण, फार्मास्युटिकल सप्लाई चेन की सुरक्षा और नशीले पदार्थों की मांग कम करने जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई।
NCB महानिदेशक अनुराग गर्ग ने ‘इंडिया विजन रोडमैप 2026-2029’ का जिक्र करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में तैयार इस रोडमैप में नेटवर्क-आधारित जांच, वित्तीय जांच, रोकथाम और पुनर्वास पर जोर दिया गया है। भारत अब तस्करों के पूरे इकोसिस्टम—फाइनेंसर, सप्लायर, मददगार और लॉजिस्टिक नेटवर्क—को निशाना बना रहा है।
अमेरिकी ‘ड्रग ज़ार’ का बयान
ONDCP निदेशक सारा कार्टर (जिन्हें अमेरिका में ड्रग ज़ार कहा जाता है) ने कहा कि यह एग्जीक्यूटिव वर्किंग ग्रुप अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों के नेटवर्क को तोड़ने और सिंथेटिक ड्रग्स तथा केमिकल प्रीकर्सर को वैश्विक बाजारों में जाने से रोकने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की ‘2026 नेशनल ड्रग कंट्रोल स्ट्रेटेजी’ का हवाला देते हुए कहा कि आज के आपराधिक नेटवर्क बहुराष्ट्रीय कंपनियों की तरह काम करते हैं। ऐसे संगठित दुश्मन से निपटने के लिए सीमाओं के पार मिलकर काम करना जरूरी है।
राजदूत सर्जियो गोर का बयान
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप का रुख साफ है—अपने लोगों की सुरक्षा सीमाओं को सुरक्षित करने और अवैध नशीले पदार्थों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने से शुरू होती है। भारत और अमेरिका सिर्फ बात नहीं कर रहे, ठोस परिणाम दे रहे हैं। अवैध प्रीकर्सर रसायनों की सप्लाई रोकना, व्यावसायिक सप्लाई चेन सुरक्षित करना और गिरोहों को नष्ट करना—ये सब हमारे सहयोग का नतीजा है।”
संयुक्त अभियानों और आगामी कदमों पर चर्चा
दोनों देशों ने जनवरी 2026 में वाशिंगटन में हुई पहली बैठक की प्रगति को आगे बढ़ाया। उन्होंने ‘ऑपरेशन मेडमैक्स’, ‘ऑपरेशन वाइप’ और भारत की स्वैच्छिक आचार संहिता जैसी पहलों का स्वागत किया। बैठक में उभरते खतरों से निपटने के लिए संस्थागत जुड़ाव, समय पर खुफिया आदान-प्रदान और समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया गया। दोनों पक्ष बेस्ट प्रैक्टिस साझा करने पर भी सहमत हुए। यह बैठक नशीले पदार्थों के खिलाफ भारत और अमेरिका की साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है, जिसका मकसद दोनों देशों के समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।